21 सितंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

UP Cow Tourism: गोशालाओं में होंगे मांगलिक कार्यक्रम, गो-पर्यटन से गांवों को मिलेगा कमाई का नया रास्ता

यूपी की चयनित गोशालाएं अब संरक्षण के साथ पर्यटन और मांगलिक आयोजनों का केंद्र बनेंगी। गो-पर्यटन से स्थानीय ग्रामीणों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए आय के अवसर बढ़ेंगे।
4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Sep 21, 2026

गांव की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण जीवन शैली को गो-पर्यटन से जोड़ने की तैयारी।   (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )   

गांव की पारंपरिक संस्कृति और ग्रामीण जीवन शैली को गो-पर्यटन से जोड़ने की तैयारी।   (फोटो सोर्स : Ritesh Singh )   

Cow Service Commission: उत्तर प्रदेश में गो-संरक्षण के लिए संचालित गौशालाओं को अब ग्रामीण संस्कृति, परंपरा और पर्यटन से जोड़ने की तैयारी है। आने वाले समय में चयनित गोशालाएं केवल गोवंश के संरक्षण और देखभाल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उन्हें गांव की स्थानीय पहचान और ग्रामीण जीवनशैली से परिचित कराने वाले केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है। इसके लिए क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों, परंपराओं और स्थानीय जरूरतों के आधार पर अलग-अलग मॉडल तैयार करने की योजना है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य गोशालाओं को संरक्षण के साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनाना है।

उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गो-संरक्षण केंद्रों के स्वरूप में बदलाव की रणनीति तैयार की जा रही है। चयनित गोशालाओं के अलावा कान्हा हाउस और बड़े गो-संरक्षण केंद्रों को भी स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विकसित करने पर विचार किया जा रहा है। इसमें गोशाला की मूल भूमिका यानी गोवंश संरक्षण को बरकरार रखते हुए पर्यटन और ग्रामीण गतिविधियों को जोड़ने की योजना है।

गांव की संस्कृति से पर्यटकों को जोड़ने पर जोर

प्रस्तावित गो-पर्यटन मॉडल का स्वरूप हर क्षेत्र में एक जैसा नहीं होगा। जिस इलाके की अपनी जो विशेषता होगी, उसे गौशाला से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। कहीं लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाएं आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं तो कहीं स्थानीय खान-पान, ग्रामीण जीवनशैली, पशुपालन की परंपरा और हस्तशिल्प को पर्यटन गतिविधियों का हिस्सा बनाया जा सकता है। इससे बाहर से आने वाले लोगों को गांव के वास्तविक जीवन और स्थानीय परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिल सकेगा। आयोग के अध्यक्ष के अनुसार, गौशाला को ग्रामीण जीवन से जोड़ने की यह पहल स्थानीय पहचान को सामने लाने का माध्यम बन सकती है। गांवों में सदियों से चली आ रही परंपराएं, लोककथाएं, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पाद यदि व्यवस्थित तरीके से पर्यटकों तक पहुंचते हैं तो इससे ग्रामीण क्षेत्र में नई आर्थिक गतिविधियां विकसित होने की संभावना है।

मांगलिक कार्यक्रमों के लिए भी खुलेंगे द्वार

चयनित गोशालाओं में मांगलिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधाएं विकसित किए जाने की भी तैयारी है। इसके तहत ग्रामीण परिवेश के बीच ऐसे स्थान तैयार किए जा सकते हैं, जहां स्थानीय लोग पारंपरिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित कर सकें। इससे गोशालाओं का उपयोग केवल दैनिक गो-संरक्षण गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों से भी जुड़ सकेंगी। मांगलिक कार्यक्रमों के लिए गोशालाओं का उपयोग होने से आसपास के छोटे कारोबारियों को भी काम मिलने की संभावना है। आयोजन के दौरान खान-पान, सजावट, हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद, परिवहन और अन्य सेवाओं की जरूरत बढ़ सकती है। इससे गौशाला के आसपास रहने वाले लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं।

स्वयं सहायता समूह और कारीगर भी जुड़ेंगे

गो-पर्यटन की योजना का एक महत्वपूर्ण पहलू स्थानीय लोगों को इससे जोड़ना है। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने पर स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, छोटे दुकानदारों और खान-पान से जुड़े लोगों के लिए नए अवसर बन सकते हैं। स्थानीय स्तर पर तैयार होने वाले उत्पादों को पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए गौशाला परिसर या आसपास निर्धारित स्थान विकसित किए जा सकते हैं। ग्रामीण महिलाओं के स्वयं सहायता समूह भी इस मॉडल से जुड़कर स्थानीय खाद्य पदार्थ, हस्तनिर्मित वस्तुएं और पारंपरिक उत्पाद तैयार कर सकते हैं। इसी तरह स्थानीय कारीगर अपनी कला और शिल्प का प्रदर्शन कर सकेंगे। हालांकि, इन गतिविधियों का वास्तविक स्वरूप संबंधित गौशाला और वहां उपलब्ध सुविधाओं के आधार पर तय किया जाएगा।

हर क्षेत्र के लिए अलग होगा गो-पर्यटन मॉडल

सरकार की योजना में इस बात पर विशेष जोर है कि गो-पर्यटन को एक ही ढांचे में विकसित करने के बजाय स्थानीय विशेषताओं के आधार पर अलग-अलग मॉडल तैयार किए जाएं। जिन क्षेत्रों में लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं की मजबूत पहचान है, वहां सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रमुखता दी जा सकती है। जिन इलाकों में प्राकृतिक वातावरण और ग्रामीण जीवनशैली आकर्षण का केंद्र है, वहां इन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जा सकता है। इसी तरह कृषि और पशुपालन की परंपरा वाले क्षेत्रों में ग्रामीण जीवन और पशुपालन से संबंधित अनुभव पर्यटकों के लिए आकर्षण बन सकते हैं। स्थानीय खान-पान और पारंपरिक व्यंजनों को भी इस मॉडल का हिस्सा बनाया जा सकता है। इस तरह प्रत्येक क्षेत्र की अपनी पहचान को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

कान्हा हाउस और बड़े केंद्र भी होंगे विकसित

गो-पर्यटन की संभावित योजना केवल सामान्य गोशालाओं तक सीमित नहीं होगी। कान्हा हाउस और बड़े गो-संरक्षण केंद्रों को भी स्थानीय जरूरतों के मुताबिक विकसित करने की तैयारी है। ऐसे केंद्रों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के साथ गो-संरक्षण की व्यवस्थाओं को भी मजबूत बनाए रखने पर जोर रहेगा। बड़े केंद्रों को ग्रामीण पर्यटन के प्रमुख पड़ाव के रूप में विकसित किए जाने की संभावना है। यहां आने वाले लोगों को गोशाला की गतिविधियों के साथ स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और परंपराओं से परिचित कराने के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जा सकती हैं।

गौशाला से जुड़ेगा गांव का बाजार

गो-पर्यटन के विस्तार से स्थानीय बाजार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने पर गांव में बने उत्पादों की मांग बढ़ सकती है। स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के लिए नया बाजार मिल सकता है। इससे गौशाला के आसपास आर्थिक गतिविधियों का दायरा बढ़ने की संभावना है। इस मॉडल के जरिए ग्रामीण क्षेत्र में पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी। हालांकि, इसका असर इस बात पर निर्भर करेगा कि चयनित गोशालाओं में किस तरह की सुविधाएं और गतिविधियां विकसित की जाती हैं और उन्हें किस स्तर पर संचालित किया जाता है।

गांव की पहचान बन सकती है अपनी गौशाला

ग्रामीण पर्यटन का आकर्षण अक्सर किसी क्षेत्र की स्थानीय पहचान, परंपरा और जीवनशैली में छिपा होता है। प्रदेश के अलग-अलग गांवों में अपनी लोककला, खानपान, धार्मिक परंपराएं, हस्तशिल्प और ग्रामीण संस्कृति है। यदि इन विशेषताओं को व्यवस्थित तरीके से गोशालाओं से जोड़ा जाता है तो ये केंद्र गांव की पहचान का हिस्सा बन सकते हैं। प्रस्तावित योजना के तहत आने वाले समय में चयनित गोशालाओं का स्वरूप ऐसा बनाने की तैयारी है, जहां संरक्षण के साथ पर्यटन, संस्कृति और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी स्थान मिले। सरकार की सोच है कि गांव आने वाला व्यक्ति केवल गोशाला देखकर वापस न लौटे, बल्कि वहां की परंपरा, संस्कृति और ग्रामीण जीवन को भी अनुभव कर सके।

बड़ी खबरें

View All

लखनऊ

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग