लखनऊ

रेस लगा रहे थे तीन दोस्त, सामने से आई स्कूटी से जा भिड़ी बुलेट, 12वीं के छात्र की मौत

Lucknow Bike Race Accident : लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क के पास तीन दोस्त रेस लगा रहे थे। इसी दौरान सामने से एक स्कूटी आ गई और 12वीं के छात्र की बाइक उससे जा टकराई।
2 min read
Mar 16, 2026
Feature image
रेस लगाते समय हादसे के दौरान 12वीं के छात्र की जान, PC- Video Grab X

लखनऊ : लखनऊ में तीन दोस्त बाइक पर सवार होकर सुबह सैर के लिए निकले। तीनों दोस्त बुलेट और कावासाकी बाइक से जनेश्वर मिश्र पार्क के पास रेस लगा रहे थे। तभी सामने से एक स्कूटी सवार आ गया। बुलेट सीधे स्कूटी में जा टकराई और बुलेट सवार डिवाइडर से जा टकराया। डिवाइडर से टकराने के बाद 12वीं के छात्र का सिर फट गया। इस दौरान मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों एंबुलेंस बुलाई और छात्र को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो अन्य दोस्तों को हल्की-फुल्की चोटें आई। दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया।

मृतक 12वीं के छात्र की पहचान गोमती नगर विस्तार के विशेष खंड के रहने वाले नैतिक कुमार के रूप में हुई। नैतिक 12वीं का छात्र था। नैतिक की उम्र 17 साल थी। नैतिक के पिता राम इकबाल बिजली विभाग में इंजीनियर हैं। घटना जनेश्वर मिश्र पार्क के गेट नंबर 5 के पास हुई।

तीनों दोस्त सुबह-सुबह सैर के लिए निकले थे

नैतिक अपने दोस्त आदित्य श्रीवास्तव और कृष्ण सिंह के साथ सुबह-सुबह सैर पर निकला था। तीनों अलग-अलग बाइक पर सवार होकर रेस लगा रहे थे। नैतिक बुलेट चला रहा था। जब तीनों रेस लगा रहे थे, इसी दौरान सामने से एक स्कूटी आ गई। नैतिक की तेज रफ्तार बुलेट स्कूटी से जा टकराई…नैतिक उछलकर डिवाइडर पर जा गिरा और उसका सिर फट गया। नैतिक की टक्कर के बाद अन्य दोनों दोस्तों का भी संतुलन बिगड़ गया। दोनों दोस्त भी सड़क पर ही गिर पड़े।

राहगीरों ने बुलाई एंबुलेंस

हादसे के बाद घटनास्थल पर इकट्ठा हुए लोगों ने एंबुलेंस बुलाई। तीनों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां नैतिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। आदित्य और कृष्ण को हल्की चोटें आई थी। उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। आदित्य ने एंबुलेंस से अस्पताल जाते समय एक वीडियो बनाया और उसमें लिखा कि एक बार में ही सब कुछ खत्म हो गया। नैतिक के परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया।

Published on:
16 Mar 2026 02:37 pm