
अखिलेश यादव फोटो सोर्स @samajwadiparty Facebook
UP MLC Election Result 2026: उत्तर प्रदेश में एमएलसी चुनाव की मतगणना को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि संजयन त्रिपाठी को हराने के लिए मतगणना में गड़बड़ी की गई। अखिलेश ने भाजपा के साथ उसके सहयोगियों और अधिकारियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संजयन त्रिपाठी को हराने की साजिश सबके सामने आ गई है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा की चार सौ बीसी 403 सीटों पर नहीं चलेगी।
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि संजयन त्रिपाठी को मतगणना में गड़बड़ी करके हराने की वजह सिर्फ यह नहीं है कि वह सपा के उम्मीदवार हैं, बल्कि इसके पीछे ‘हाता नहीं भाता’ मुख्य कारण है। उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी राजनीति में बहुत नीचे गिर चुकी है। अखिलेश ने दावा किया कि मतगणना में इतनी बड़ी गड़बड़ी के बाद जनता समझ गई है कि भाजपा असल में हर सीट पर हारी है। उन्होंने कहा कि भाजपाई वोट से नहीं खोट से जीतते हैं।
अखिलेश यादव ने संजयन त्रिपाठी के साथ हुए कथित उत्पीड़न का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसे उनका पूरा समाज देख रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि संजयन त्रिपाठी के आंसू उनके समाज और प्रदेश का कोई भी शिक्षक नहीं भूलेगा।
सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा में शिक्षकों को अपमान के अलावा कुछ नहीं मिला है। उन्होंने शिक्षकों से चारा इकट्ठा करने तक का काम करवाने की कथित साजिश का भी जिक्र किया। अखिलेश ने कहा कि शिक्षक इस बात को हमेशा याद रखेंगे और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर अपना ‘गुरु संकल्प’ पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि वह संजयन त्रिपाठी और उनके समाज के साथ हो रहे अन्याय और उत्पीड़न के खिलाफ खड़े हैं और आगे भी खड़े रहेंगे।
वहीं, अखिलेश यादव ने कुछ समय पहले एक्स पर पोस्ट कर आगरा से सपा के एमएलसी प्रत्याशी आकाश अग्रवाल के साथ हुई मारपीट को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को बताना चाहिए कि जीत की ओर बढ़ रहे सपा प्रत्याशी के साथ उसके लोगों का ऐसा व्यवहार कितना सही है। अखिलेश ने चुनाव आयोग और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय और राष्ट्रपति से भी मामले का संज्ञान लेने की अपील की।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब अग्रवाल समाज के लोग आकाश अग्रवाल की जीत की खबर का इंतजार कर रहे थे, उसी समय उनके साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार और मारपीट के वीडियो सामने आए। इससे पूरे समाज में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि अब अग्रवाल समाज भी समझ गया है कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। अखिलेश ने कहा कि PDA में A का मतलब अब अग्रवाल भी है।
आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सभी 29,865 मतपत्रों की पहली वरीयता के मतों की गिनती पूरी हो गई। सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल को 13,900 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी को 9,389 वोट मिले। इस तरह आकाश अग्रवाल ने 4,511 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
Updated on:
28 Oct 2026, 11:23 AM IST
Published on:
28 Oct 2026, 10:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.