LDA बनाएगा मोबाइल एप, फोटो खीचें और आसानी से करें कम्प्लेन

मोबाइल एप पर शिकायत करने के बाद लोग जब चाहे शिकायत के स्टेटस के बारे में जानकारी ले सकेंगे। इसके जरिए मौके की फोटो भी अपलोड की जा सकेगी।
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2017, 7:56 PM IST
LDA
LDA
लखनऊ। राजधानी वासियों को लखनऊ विकास प्राधिकरण से शिकायत करने के लिए दफ्तर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण जल्द ही मोबाइल एप लांच करेगा। प्राधिकरण के इस मोबाइल एप को अपने फोन में डाउनलोड करने के बाद प्राधिकरण की किसी भी समस्या के बारे में फोटो के साथ लोग अधिकारियों को जानकारी दे सकेंगे। आवंटियों से उनकी शिकायत और समस्याओं की भी जानकारी ली जा सकेगी। ऐप को लेकर एलडीए का आईटी विभाग काम कर रहा है। पूरी तरह से सफल होने के बाद इसकी लाचिंग की जाएगी।

मोबाइल पर आएगा कम्प्लेन

मिली जानकारी के अनुसार एलडीए की विभिन्न कालोनियों में किसी भी विभाग से संबंधित शिकायत मोबाइल एप के जरिए अधिकारियों तक पहुंचाई जा सकेगी। इस एप के जरिए की गई शिकायत के अपलोड होने की जानकारी मोबाइल नंबर के जरिए शिकायतकर्ता को तत्काल मिल जाएगी। मोबाइल पर मिले इस संदेश में जो शिकायत नंबर दिया जाएगा, उसके जरिए शिकायत पर प्राधिकरण द्वारा दी गई कार्रवाई के बारे में जानकारी मिल सकेगी।

शिकायतों की होगी मॉनिटरिंग

मोबाइल एप पर शिकायत करने के बाद लोग जब चाहे शिकायत के स्टेटस के बारे में जानकारी ले सकेंगे। इसके जरिए मौके की फोटो भी अपलोड की जा सकेगी। वहीं किसी भी समस्या या शिकायत की लिखित जानकारी अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। मोबाइल एप पर मिलने वाले शिकायतों की मॉनीटरिंग भी की जाएगी। एप के जरिए लोगों को यह भी पता लग जाएगा कि उनकी शिकायत कितने समय में निस्तारित होनी चाहिए।

फिलहाल नगर निगम में स्वच्छ भारत मिशन के मोबाइल एप के जरिए लोगों को ऐसी सुविधा दी जा रही है। इसी प्रकार प्राधिकरण में भी एप के जरिए लोग बिना कहीं फोन किए और बिना कार्यालय में जाए संबंधित अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचा सकेंगे। लोग स्वयं अपनी शिकायत का स्टेटस भी चैक कर सकेंगे। इससे जहां लोगों को सुविधा मिलेगी, वहीं शहर में सभी प्रकार की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए प्राधिकरण का लोगों से सीधा संपर्क बना रहेगा। इस एप के जरिए आवंटियों को अपनी किश्तों के स बंध में भी जानकारी प्राप्त हो सकेगी। एलडीए के एक्जीक्यूटिव कंप्यूटर एसबी भटनागर ने बताया कि अभी इस योजना पर काम चल रहा है।

बताते चलें कि इससे पहले एलडीए की ओर से ट्विटर पर शिकायत करने की सुविधा की शुरुआत की गयी थी।

Published on: