
Lucknow Prabhu Plaza Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार दोपहर 3 मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। यह आग विकास नगर थाना क्षेत्र स्थित टेढ़ी पुलिया के पास प्रभु प्लाजा में लगी। इमारत के ग्राउंड फ्लोर से उठी आग की लपटें कुछ ही देर में दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं। बिल्डिंग में रजाई, गद्दों और होम डेकोर का सामान रखा हुआ था जिस वजह से आग बहुत तेजी से फैल गई और आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
घटना के समय जमघट के कारण पूरी मार्केट बंद थी। दोपहर करीब 3 बजे ग्राउंड फ्लोर से धुआं उठता दिखाई दिया जिसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की भयानकता को देखते हुए तुरंत दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग की लपटें और धुआं देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया। फायर ब्रिगेड की टीमों ने करीब 1.30 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि टेढ़ी पुलिया के पास प्रभु प्लाजा की दुकानों में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद इंदिरानगर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी रवाना की गई। आग बड़ी होने के कारण कुल पांच गाड़ियां भेजी गईं। प्रभु प्लाजा की दुकानों में रजाई, गद्दों और होम डेकोर का सामान होने के कारण लपटें बहुत तेजी से फैलीं और देखते ही देखते दूसरी मंजिल तक पहुंच गईं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया है और राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। फिलहाल, आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। आग से दुकानों में कितना भारी नुकसान हुआ है इसका आकलन भी किया जाना बाकी है। पुलिस और दमकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और आग लगने के कारणों की गंभीरता से जांच की जा रही है।