लखनऊ

Lucknow Hotel News: विदेश मंत्रालय के अफसर बनकर होटल में घुसे 3 युवक, स्टाफ-गेस्ट को बनाया बंधक, दस्तावेज ले जाने का आरोप

Lucknow Crime News: लखनऊ के गोमतीनगर स्थित होटल में तीन युवक खुद को विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी बताकर पहुंचे। तलाशी के नाम पर स्टाफ के मोबाइल लेने, गेस्ट से पूछताछ और दस्तावेज ले जाने का आरोप है। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर जांच शुरू की।
2 min read
Aug 17, 2026
Lucknow Hotel News Gomti Nagar News Lucknow Crime News
आधी रात होटल में पहुंचे 3 संदिग्ध (photo- gemini ai)

Lucknow Hotel Fake Foreign Ministry Officers:लखनऊ के गोमतीनगर स्थित एक होटल में 15 अगस्त की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन युवक खुद को विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी बताकर होटल में पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने होटल की तलाशी लेने की बात कहते हुए स्टाफ पर दबाव बनाया और विरोध करने पर उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। मामला बढ़ने पर होटल के कर्मचारियों और कुछ मेहमानों के बाहर आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई।

घटना विकासखंड-3 स्थित होटल क्रिस्टेलिया की बताई जा रही है। होटल के नाइट मैनेजर कुमार सर्वोत्तम पाठक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पुलिस ने तीन युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

रात करीब एक बजे होटल पहुंचे तीन युवक

नाइट मैनेजर की शिकायत के मुताबिक, 15 अगस्त की रात करीब एक बजे तीन युवक होटल पहुंचे। उन्होंने खुद को विदेश मंत्रालय के उच्च अधिकारी बताते हुए होटल की तलाशी लेने की बात कही। होटल स्टाफ ने जब उनसे पहचान और तलाशी से संबंधित जानकारी मांगी तो कथित तौर पर तीनों युवकों ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि कर्मचारियों के मोबाइल फोन ले लिए गए और दो कर्मचारियों को गले से पकड़कर जबरन अंदर ले जाया गया।

एक-एक कमरे का दरवाजा खटखटाकर पूछताछ

शिकायत के मुताबिक, इसके बाद तीनों युवक होटल की पहली और दूसरी मंजिल पर पहुंचे। वहां उन्होंने कमरों के दरवाजे खटखटाकर अंदर ठहरे मेहमानों से पूछताछ की। इस दौरान जिन मेहमानों को होटल से बाहर जाना था, उन्हें भी रोक दिया गया। इससे होटल में ठहरे लोगों और कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

रिसेप्शन पर लौटे, दस्तावेजों से छेड़छाड़ का आरोप

होटल की तलाशी लेने के बाद तीनों वापस रिसेप्शन पर आए। आरोप है कि उन्होंने रिसेप्शन काउंटर के अंदर जाकर वहां रखे दस्तावेजों को देखा और उनमें छेड़छाड़ की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ दस्तावेज तीनों अपने साथ लेकर गए और उन्हें बाहर खड़ी कार में रख दिया।

पुलिस को सूचना देने से भी रोकने का आरोप

मामले को लेकर जब नाइट मैनेजर ने स्थानीय पुलिस को सूचना देने की बात कही तो कथित तौर पर युवकों ने इसका विरोध किया। शिकायत के मुताबिक, उन्होंने गाली-गलौज की और होटल में फोन करने तथा लोगों के आने-जाने पर भी रोक लगा दी। इसी बीच होटल के एक कर्मचारी ने किसी गेस्ट का मोबाइल फोन लेकर होटल संचालक को पूरी घटना की जानकारी दी। संचालक ने तत्काल गोमतीनगर पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे वास्तव में कौन हैं और होटल में किस उद्देश्य से पहुंचे थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवकों ने विदेश मंत्रालय के अधिकारी होने का दावा क्यों किया और होटल में तलाशी लेने के पीछे उनकी असली मंशा क्या थी। शिकायत में लगाए गए आरोपों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
17 Aug 2026 03:32 pm
Published on:
17 Aug 2026 03:32 pm