
लखनऊ. भारत चीन विवाद लगातार गरमा रहा है। चीन के अनिधकृत रुप से भारत की जमीनों पर कब्जा करने से हिन्दुस्तान में भारी नाराजगी है। पर इस मसले में अभी सीमारेखा को लेकर संशय बना हुआ है, केंद्र सरकार साफ—साफ कुछ नहीं बता रही है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार का ध्यान दिलाया कि लद्दाखवासी खुद कह रहे हैं कि चीन उनकी जमीनों पर कब्जा कर रहा है। केंद्र की मोदी सरकार को इस पर गंभीरता संग कड़ा ऐक्शन लेना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्विट के साथ् एक वीडियो जारी करते हुए चीन की कारस्तानी और लद्दाख की हकीकत को बयान किया, प्रियंका ने लिखा कि, अपनी मातृभूमि से प्यार करने वाले लद्दाख के अनगिनत निवासी कह रहे हैं कि चीन हमारी जमीन पर कब्जा कर रहा है। आशा है कि मातृभूमि की रक्षा के लिए सरकार लद्दाख के लोगों के साथ पूरे हिंदुस्तान की भावना सुनेगी और ऐक्ट करेगी।
सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्यों के मेडिकल और डेंटल इंस्टीट्यूट्स में ऑल इंडिया कोटा में ओबीसी छात्रों के लिए आरक्षण बढ़ाने की मांग की थी। इस मांग को प्रियंका गांधी ने समर्थन करते हुए एक ट्विट लिखा, जिसमें कहाकि, कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी ने NEET से भरी जा रही सीटों में राष्ट्रीय कोटा के तहत राज्य व केंद्रशासित प्रदेशों के चिकित्सा संस्थानों में ओबीसी वर्ग के छात्रों को आरक्षण देने की जायज मांग उठाई है। ये सामाजिक न्याय का तकाजा है। आशा है कि केंद्र सरकार इस पर अमल करेगी।