
आजम खान (फोटो IANS)
Azam Khan Statement: लखनऊ के शहीद पथ स्थित होटल सेंट्रम में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के चुनावी घोषणापत्र के विमोचन के मौके पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ सपा नेता आजम खान का दर्द खुलकर सामने आ गया। जेल में बिताए कठिन दिनों और अपने परिवार पर हुई कार्रवाई को याद करते हुए आजम खान बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने मंच से कहा कि उनका दिल चाहता है सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी 6 महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें यह पता चल सके कि सलाखों के पीछे दिन कैसे गुजरते हैं और रातें कैसे कटती हैं।
अखिलेश यादव का शुक्रिया अदा करते हुए और किसी भी भूल के लिए माफी मांगते हुए आजम खान ने अपने राजनीतिक सफर पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वे उन चंद बेवकूफ लोगों में से हैं, जिन्होंने एक ही खानदान के लिए अपना आधा जीवन गुजार दिया। जिनके लिए सब कुछ किया, वे आधी सदी तक उनके साथ रहे और अपनी आने वाली पीढ़ी को भी उनके हवाले कर दिया।
अपने ऊपर हुए जुल्मों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि कोई आम इंसान होता तो जिस तरह की घृणा का सामना उन्होंने किया है, उसमें अब तक मर जाता लेकिन हम बड़ी सख्त जान निकले हम मरेंगे, लेकिन कुछ करके मरेंगे। इस दौरान उन्होंने बाराबंकी के मशहूर शायर खुमार साहब का किस्सा सुनाते हुए शायरी के जरिए अपना दर्द बयां किया। उन्होंने कहा-
मुझको शिकस्त ए दिल का मजा याद आ गया,
तुम क्यों उदास हो गए, क्या याद आ गया।
कहने को जिंदगी थी बहुत मुख्तसर मगर,
कुछ यूं बसर हुई कि खुदा याद आ गया।
अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और अदालती सजाओं पर सवाल उठाते हुए आजम खान ने कहा कि उस दौर में जिंदगी के हालात उनसे पूछते थे कि क्या कभी वे जेल से छूटेंगे भी। उन्हें ऐसा महसूस होता था जैसे किसी ने दिल में खंजर उतार दिया हो। उनके मुताबिक मौत बहुत सस्ती थी और वह जिंदगी बेहद दर्दनाक थी, जिसे उन्होंने गुजारा। उन्होंने कहा कि हमारा गुनाह भी बता दिया जाए। मुर्गी चोरी के आरोप में 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। यदि चोरी की धारा लगती तो अधिकतम सजा 3 साल होती, लेकिन कहा गया कि मुर्गी चोरी की है और धारा डकैती की लगा दी गई। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बेटे को भी संबंधित धाराओं में अधिकतम सजा दी गई। वे करीब 6 साल जेल में काट चुके हैं और अब कई मुकदमे खुद ही खत्म हो रहे हैं।
जेल में अपने बेटे के साथ बिताए खौफनाक पलों को याद करते हुए आजम खान ने कहा कि, जेल से बाहर निकलने के महज 15 मिनट बाद ही ईडी उन्हें गिरफ्तार कर ले गई थी। उन्होंने बताया कि एक बार रात करीब 3.30 बजे जेलर ने उन्हें जगाकर कहा कि उनका ट्रांसफर हो गया है। आजम ने कहा कि उन्हें जेल में अकेले रहने का दर्द नहीं है, बल्कि तकलीफ इस बात की है कि एक बेगुनाह बेटे को उनके साथ जेल में दिन गुजारने पड़े।
उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार उन्हें अलग खड़ा किया गया और बेटे को दूसरी तरफ, तब उन्हें लगा कि अब गोली मार दी जाएगी। इसके बाद दोनों को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाया गया। जब उन्होंने अधिकारियों से दोनों को एक ही गाड़ी में बैठाने की गुजारिश की, तो उन्हें डांट दिया गया। उस वक्त उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि हम मिलेंगे, यहां नहीं मिलेंगे तो ऊपर मिलेंगे। जब तक उन्हें यह पता नहीं चला कि बेटा किस जेल में है, तब तक के पल बर्दाश्त से बाहर थे। इसकी तुलना अंग्रेजों के शासन से करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा तो अंग्रेजों ने भगत सिंह के साथ भी नहीं किया था कि उनके परिवार वालों को जेल में डाल दिया हो। उन्होंने कहा कि भगत सिंह को फांसी देकर आजाद कर दिया गया, लेकिन उन्हें तिल-तिल कर फांसी पर भी नहीं चढ़ाया गया। उनकी मां, बहन, पत्नी और औलाद को इस तरह परेशान नहीं किया गया।
संबोधन के दौरान आजम खान ने बिना नाम लिए AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आजकल कुछ लोग आपको परेशान कर रहे हैं और वे चाहते हैं कि ऐसे लोग अपनी इस बीमारी से बाज आएं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जो न तो खुद कुछ बन सकते हैं और न ही किसी को कुछ बना सकते हैं, लेकिन वे किसी सरकार का बनना प्रभावित जरूर कर सकते हैं। राजनीतिक विरोधियों को जवाब देते हुए आजम खान ने कहा कि, हम बहता हुआ समंदर हैं, कोई गंदा नाला नहीं हैं। हम वोट कटुआ नहीं हैं, बल्कि वोट जोड़ने वाले हैं। उन्होंने अखिलेश यादव द्वारा पेश किए जाने वाले घोषणापत्र को आने वाले हिंदुस्तान का भविष्य बताया। आजम खान ने मंच पर बैठे वरिष्ठ नेताओं, पत्रकारों और पैनलिस्टों का आभार जताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने जब भी घोषणापत्र बनाया, उसे लागू किया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
संबंधित विषय:
Updated on:
26 Nov 2026, 6:15 PM IST
Published on:
26 Nov 2026, 5:39 PM IST
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश




