
Lucknow Hit And Run:उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह जनेश्वर मिश्र पार्क के सामने एक युवती को तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने का खौफनाक मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता कार की बोनट पर चढ़ी दिख रही है और आरोपी उसे घसीटता हुआ भाग रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शाहनवाज और पीड़िता अनामिका एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
आरोप है कि शाहनवाज ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को ‘यश ठाकुर’ नाम का हिंदू बताया और अनामिका को प्यार में फंसाया था। दोनों करीब एक साल से रिलेशनशिप में थे। अनामिका को जब उसकी असलियत का पता चला तो उसने धोखेबाजी का आरोप लगाया।
सुबह अनामिका चाय पीने जनेश्वर मिश्र पार्क के पास गई थी। तभी शाहनवाज अपनी नई गर्लफ्रेंड के साथ कार में वहां पहुंचा। अनामिका ने उसे देखकर रोकने की कोशिश की और कार के सामने खड़ी हो गई। शाहनवाज ने कार रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी, जिससे युवती बोनट पर गिर गई।
चश्मदीदों के अनुसार, आरोपी ने करीब 200 से 300 मीटर तक अनामिका को कार से घसीटा। आसपास के लोगों ने कार रोकने के लिए पत्थर फेंके और चिल्लाए, लेकिन शाहनवाज नहीं रुका। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती बोनट पर लटकी हुई है और बाद में सड़क पर गिर जाती है। आरोपी ने दोबारा कार से उसे कुचलने की कोशिश भी की और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद अनामिका को मेडिकल जांच के लिए सीएचसी भेजा गया। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। वीडियो वायरल होने के बाद गोमती नगर विस्तार थाना पुलिस सक्रिय हुई। कार नंबर के आधार पर आरोपी शाहनवाज (निवासी दुबाग्गा) को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले की पूरी जांच कर रही है।
यह घटना सिर्फ हिट एंड रन नहीं, बल्कि पहचान छिपाकर रिश्ता बनाने और गुस्से में जानलेवा हमले का मामला भी बन गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।