- यूपी के इतिहास का अब तक सबसे बड़ा बजट पेश- बजट 5 लाख 50 हजार 270 करोड़ रुपए का
लखनऊ. यूपी विधानमंडल में वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने सोमवार को उत्तर प्रदेश बजट 2021-22 पेश किया। यह यूपी के इतिहास का अब तक सबसे बड़ा बजट है। इस बार का यूपी बजट 5 लाख 50 हजार 270 करोड़ रुपए का पेश किया गया। इस बार के यूपी बजट में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने मजदूरों को एक बड़ा तोहफा दिया। यूपी वित्त मंत्री ने कहाकि, मजदूरों को घंटे के हिसाब से मजदूरी मिलेगी। इसके साथ ही श्रमिक कल्याण के लिए एक अरब रुपए की व्यवस्था की गई है। सरकार ने अपने बजट में पल्लेदारों और मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा देने की व्यवस्था की है।
इससे पूर्व सोमवार सुबह हुई योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पेश होने वाले बजट को औपचारिक मंजूरी दी गई। सीएम योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने अपने अपने जादुई पिटारे से कोरोना काल की दुश्वारियों को झेल रही यूपी की जनता को तमाम तोहफे दिए। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का बजट का भाषण करीब 100 मिनट चला। कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू अपने विधायकों संग साइकिल से विधानसभा पहुंचे।
कोरोना महामारी के कारण लागू लॉकडाउन में उत्तर प्रदेश के श्रमिकों को रोजगार और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए नई योजना मुख्यमंत्री प्रवासी श्रमिक उद्यमता विकास योजना लाई जा रही है। इसके लिए 100 करोड़ रुपए प्रस्तावित है। पल्लेदारों, श्रमिक परिवारों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को सामाजिक सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री दुर्घटना बीमा योजना प्रारंभ की जा रही है। इसके लिए 12 करोड़ रुपए की धनराशि प्रस्तावित है।