- यूपी में एक बार फिर मौसम ले रहा है करवट - उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश तथा हिमपात की संभावना - तीन दिन यूपी के कई शहरों में सुबह और रात के समय सर्दी की वापसी
लखनऊ. यूपी में एक बार फिर मौसम करवट ले रहा है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में भारी गर्मी के बाद मार्च माह के पहले हप्ते में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। दोपहर छोड़ बाकी सुबह शाम मौसम ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश तथा हिमपात की संभावना है। जिसके बाद चार मार्च से 6 मार्च तक तीन दिन यूपी के कई शहरों में सुबह और रात के समय मौसम में सर्दी की वापसी हो जाएगी। इसमें एनसीआर सहित तराई के जिले प्रमुखता से शामिल हैं।
यूपी की राजधानी लखनऊ की अगर बात करें तो मंगलवार रात से ठंडी हवाएं सुबह 9 बजे तक चल रही थी। एक हफ्ते की गरमी के बाद अचानक आई ठंड ने लोगों को सुकून दिया। और पंखें को बंद कर लोगों ने चादर ओढ़ी। यही हाल लगभग लखनऊ से सटे कई जिलों का रहा है। लखनऊ का बुधवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले तीन चार दिन में यूपी का मौसम ठंड हो जाएगा। उत्तराखंड में बर्फबारी और बारिश की वजह से यूपी में ठंड बढ़ सकती है। तापमान में बड़ी गिरावट से यूपी नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद और आसपास के हिस्सों में सुबह की सर्दी एक बार फिर वापसी कर सकती है।