लखनऊ

उन्नाव रेप केस के विरोध में कांग्रेसियों ने पुलिसकर्मियों को भेंट की चूड़ियां, सरकार के खिलाफ जमकर लगाए नारे

उन्नाव रेप केस मामले में कांग्रेसियों ने यूपी सरकार व यूपी पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
2 min read
Apr 12, 2018
congress

लखनऊ. उन्नाव रेप केस मामले में कांग्रेसियों ने यूपी सरकार व यूपी पुलिस के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष सुष्मिता सेन के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में गुरुवार को लखनऊ में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी और कार्यकर्ताएं सड़क पर उतर आईं।जुलूस में शामिल कांग्रेस पार्टी की महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारे और आरोपी विधायक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सभी ने खूब नारेबाजी की। इस दौरान पूर्व सांसद अन्नू टंडन, विधायक अदिति सिंह व मोना मिश्रा भी मौजूद रहीं।

इस दौरान पूर्व सांसद (उन्नाव) अन्नु टंडन ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही पीड़िता के पिता की जान गई।जुलूस जब माल एवेन्यू के पास पहुंचा तभी पुलिस ने बैरियर लगाकर इन्हें रोक लिया। महिला पदाधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को चूड़ियां देकर अपना विरोध जतया।इस दौरान करीब आधे से पौन घंटे तक पुलिसकर्मियों से इनकी नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस सभी को गिरफ्तार कर कैंट थाने ले गई।

बता दें कि उन्नाव मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। लखनऊ के शास्त्री भवन मीडिया सेंटर में गुरुवार को प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार और डीजीपी ओपी सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस बात की पुष्टि की।प्रमुख सचिव ने कहा कि आरोपों के आधार पर विवोचना सीबीआई को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि कुलदीप सिंह पर केस दर्ज कर लिया गया है। पीड़ितों के बयान के आधार पर टीम जांच करेगी। सारे केस सीबीआई को ही ट्रांसफर किए जाएंगे। वह अपनी जांच के हिसाब से निर्णय लेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि विधायक की गिरफ्तारी पर सीबीआई ही फैसला लेगी।

क्या है पूरा मामला

उन्नाव के माखी इलाके में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने बीजेपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक जून 2017 में नौकरी के नाम पर ग्राम प्रधान की पत्नी उसे विधायक कुलदीप सिंह सेंगर के आवास पर ले गई थीं, जहां विधायक ने उसके साथ रेप किया। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि न्याय के लिए वह उन्नाव पुलिस के हर अधिकारी के पास गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता के मुताबिक आरोपी विधायक उस पर पुलिस में शिकायत नहीं करने का दबाव बनाता रहा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि 3 अप्रैल को दबाव बनाने के लिए उसके पिता से विधायक के भाई अतुल और मनोज ने मारपीट की। बताया जाता है विरोध करने पर पीड़िता के मृत पिता के खिलाफ एक फर्ज़ी मुकदमा लिख दिया गया।

Updated on:
12 Apr 2018 03:08 pm
Published on:
12 Apr 2018 03:08 pm