मायावती ने शनिवार को जारी एक बयान में भाजपा और पीएम मोदी पर हमला किया है और कहा कि एक ऐसे वक्त में जब आम चुनाव नजदीक हैं..
लखनऊ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के शिलान्यास पर विपक्षी दलों ने हमला बोलना शुरू कर दिया है। पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तो अब बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी पीएम मोदी पर निशाना साधा है। उन्होंने इस शिलान्यास को एक छलावा करार दिया है साथ ही यह भी कहा कि इस तरह की हरकत करना भाजपा की पुरानी परंपरा है।
2014 में केंद्र को कर देना चाहिए था ये काम-
मायावती ने शनिवार को जारी एक बयान में भाजपा और पीएम मोदी पर हमला किया है और कहा कि एक ऐसे वक्त में जब आम चुनाव नजदीक हैं, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का शिलान्यास कर रहे हैं और जनता के साथ छलावा कर रहे हैं। मायावती ने कहा कि अगर यही काम भाजपा की सरकार ने 2014 में केंद्र में आने के बाद कर दिया होता तो अब तक एक्सप्रेस वे पूरा हो जाता।
बसपा सरकार में ही रुपरेखा हो गई थी तैयार-
मायावती ने बसपा के शासनकाल में किए गए कार्यों को याद दिलाते हुए भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस वे, जेवर अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और ग्रेटर नोएडा से बलिया तक गंगा एक्सप्रेस-वे की रूपरेखा तो बसपा सरकार में ही तैयार हो गई थी। लेकिन तब तत्कालीन यूपीए सरकार ने एनओसी नहीं दी थी। अगर एनओसी मिल जाती तो बसपा कार्यकाल में ये परियोजनाएं पूरी हो जातीं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र व राज्य की सरकार को मिलकर प्रदेश की जनता के लिए राजनीति से ऊपर उठकर अपराध नियंत्रण और विकास कार्य करने चाहिए।
केंद्रे से मांगे थे 36000 करोड़ रुपए-
मायावती ने बसपा सरकार में पूर्वांचल व बुंदेलखंड के विकास के लिए की गई कवायदों का भी जिक्र किया और कहा कि बसपा सरकार के कार्यकाल में ही पूर्वांचल के विकास के लिए वहां की प्रशासनिक इकाइयों का पुनर्गठन कर दिया गदया था व मिर्जापुर और बस्ती को नया मण्डल बनाया गया था। यही नहीं, पूर्वांचल के विकास के लिए केंद्र से विशेष सहायता के रूप में 36 हजार करोड़ रुपये की भी मांग की गई थी।
ये भी पढ़ें