लखनऊ

‘दिल्ली की सत्ता अब भी दूर क्यों?’, मायावती ने सरकार से मांगा आरक्षण, बेरोजगारी और गरीबी का हिसाब

Constitution Day News: संविधान दिवस पर बसपा प्रमुख मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बहुजन समाज को सत्ता की भागीदारी दिलाने का सपना अब भी अधूरा है। मायावती ने आरक्षण, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर सरकारों से जवाब मांगा।
2 min read
• •
Updated: 26 Nov 2026, 9:55 AM IST
Mayawati
बसपा प्रमुख मायावती (Photo-IANS)

Uttar Pradesh Politics: संविधान दिवस के मौके पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बहुजन समाज को सत्ता में भागीदारी दिलाने का सपना आज भी अधूरा है। मायावती ने कहा कि देश की आजादी के इतने साल बाद भी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और दूसरे उपेक्षित वर्गों को सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं मिल सकी है। उन्होंने इस पर बहुजन समाज से गंभीरता से सोचने की अपील की।

'देश की आजादी के इतने साल बाद भी बहुजन समाज दिल्ली की सत्ता से दूर क्यों है'

मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने बहुजन समाज को जातिवादी शोषण और गुलामी से मुक्ति दिलाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। उन्होंने समाज के वंचित वर्गों को चुनाव और लोकतंत्र के जरिए शासक वर्ग बनाने का सपना देखा था, लेकिन सत्ता की मास्टर चाबी अपने हाथ में नहीं होने के कारण उनका आत्मसम्मान और स्वाभिमान का मिशन अब भी अधूरा है।

उन्होंने कहा कि सत्ता वह मास्टर चाबी है जिससे तरक्की/विकास के तमाम बन्द दरवाजे खुल जाते हैं। मायावती ने सवाल उठाया कि संविधान लागू होने और देश की आजादी के इतने साल बाद भी बहुजन समाज दिल्ली की सत्ता से दूर क्यों है।

सरकारों ने संवैधानिक जिम्मेदारियां ठीक से नहीं निभाईं

बसपा प्रमुख ने केंद्र की अब तक की सरकारों के कामकाज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आरक्षण के संवैधानिक दायित्व के साथ गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकारों को ईमानदारी से काम करना चाहिए था। अगर इन जिम्मेदारियों को सही तरीके से नहीं निभाया गया तो इसका हिसाब लिया जाना चाहिए। मायावती ने संविधान सभा में बाबा साहेब के समापन भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने जातियों को देश विरोधी बताते हुए जातिवाद छोड़ने की जरूरत पर जोर दिया था। साथ ही भारत को एक मजबूत राष्ट्र बनाने के लिए ठोस कदम उठाने की बात कही थी।

UP में दोबारा कानून राज सरकार स्थापित होनी चाहिए- मायवती

बसपा प्रमुख ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और पंजाब में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में बाबा साहेब के संविधान की मंशा को जमीन पर उतारना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि संकीर्ण, सामंती और जातिवादी सोच रखने वाली पार्टियां सभी वर्गों का भला नहीं कर सकतीं। सर्वसमाज के हितों और लोगों के जान-माल व मजहब की सुरक्षा के लिए बसपा को मजबूत करना जरूरी है।

मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से विरोधी दलों और संगठनों के हथकंडों का सामना करते हुए बसपा को सत्ता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दोबारा कानून का राज और जनकल्याणकारी सरकार स्थापित होनी चाहिए, ताकि गरीबी, बेरोजगारी, पिछड़ेपन और पलायन से परेशान लोगों को बेहतर जीवन मिल सके।

Updated on:
26 Nov 2026, 9:55 AM IST
Published on:
Also Read
View All