26 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Uttar Pradesh / Lucknow / ‘नौकरी भाजपा के एजेंडे में ही नहीं’, APO परीक्षा रद्द होने पर अखिलेश का हमला, बोले- युवाओं के साथ हुआ खिलवाड़

‘नौकरी भाजपा के एजेंडे में ही नहीं’, APO परीक्षा रद्द होने पर अखिलेश का हमला, बोले- युवाओं के साथ हुआ खिलवाड़

UP Exam Cancellation: APO प्री परीक्षा 2025 रद्द होने पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यूपी में यह 22वीं रद्द परीक्षा है। अखिलेश ने 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के नुकसान की जवाबदेही तय करने की मांग की।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

लखनऊ

•

image

Ankit Sai

•

Updated: 26 Nov 2026, 9:57 AM IST

Akhilesh Yadav

सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Photo IANS)

APO Pre Exam Cancelled: उत्तर प्रदेश में APO प्री परीक्षा 2025 रद्द होने के बाद सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस फैसले को आरक्षण के अधिकारों से जोड़ते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आरक्षण की हक़मारी रोकने के लिए परीक्षा रद्द की है और इससे भाजपा का आरक्षण विरोधी चेहरा सामने आ गया है। अखिलेश के मुताबिक, भाजपा सरकार में रद्द होने वाली यह 22वीं परीक्षा है। उन्होंने सवाल उठाया कि 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के नुकसान की जिम्मेदारी कौन लेगा?

अखिलेश बोले- भाजपा के एजेंडे में नौकरी ही नहीं

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जानती थी कि आरक्षण से जुड़ा यह मामला अदालत में टिक नहीं पाएगा और परीक्षा रद्द हो सकती है। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को न नौकरी देनी पड़ती, न आरक्षण का पालन करना पड़ता और न ही किसी को वेतन देना पड़ता। नौकरी भाजपा के एजेंडे में है ही नहीं। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला आरक्षण के अधिकारों की रक्षा से जुड़ा है। मेरिट के आधार पर अनारक्षित श्रेणी में जगह पाने के योग्य पिछड़े और दलित अभ्यर्थियों को उनकी आरक्षित श्रेणी तक सीमित रखना PDA के अधिकारों पर चोट है।

50 हजार से ज्यादा अभ्यर्थियों के भविष्य पर सवाल

सपा अध्यक्ष ने APO भर्ती परीक्षा में शामिल 50 हजार से अधिक अभ्यर्थियों और उनके परिवारों की परेशानी का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि इन युवाओं की मेहनत, समय और उम्मीदों के साथ हुए खिलवाड़ की जवाबदेही कौन लेगा। अखिलेश ने कहा कि परीक्षा की तैयारी और पढ़ाई पर अभ्यर्थियों के माता-पिता ने अपनी कमाई खर्च की। अब परीक्षा रद्द होने के बाद दोबारा तैयारी और परीक्षा का खर्च भी युवाओं को ही उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही उन्हें मानसिक तनाव से भी गुजरना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार को इस पूरे मामले के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार अपनी जवाबदेही से बच नहीं सकती।

सपा सरकार बनने पर भर्ती में आरक्षण का पालन कराने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर भर्ती प्रक्रिया के हर चरण में आरक्षण और मेरिट के नियमों का सही तरीके से पालन कराया जाएगा। उनका कहना है कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें युवाओं को अपने अधिकारों के लिए बार-बार अदालत का दरवाजा न खटखटाना पड़े। अखिलेश ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए युवाओं से पार्टी के पक्ष में समर्थन की अपील की। उन्होंने अपना नारा दिया कि भाजपा हटाओ, नौकरी पाओ!