लखनऊ

मायावती का करारा जवाब- कांग्रेस से कोई गठबंधन नहीं, दिग्विजय को बताया बीजेपी एजेंट

मायावती का कांग्रेस को करारा जवाब- दिग्विजय को बताया बीजेपी का एजेंट, गठबंधन पर दिया बड़ा बयान
2 min read
Oct 03, 2018
CG Election 2018
Mayawati

लखनऊ. बसपा सुप्रीम मायावती ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह पर पलटवार करते हुए उन्हें बीजेपी का एजेंट बताया है। दरअसल एक चैनल से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा था कि मायावती को केंद्र सरकार डरा रही है, उन पर मोदी और अमित शाह दबाव बना रहे हैं। इसी वजह से एमपी व छत्तीसगढ़ में वह कांग्रेस के साथ गठबंधन करने को तैयार नहीं हैं। राजधानी लखनऊ में इस बयान का पलटवार करते हुए मायवती ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की आड़ में बीएसपी को ही खत्म करना चाहती है। उनके मुताबिक दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं के कारण ही गठबंधन नहीं हो पाया।


कांग्रेस की रस्सी टूटी ऐठन नहीं गई

मायावती के मुताबिक, कांग्रेस को जनता उसके पापों का फल दे चुकी हैं। भ्रष्टाचार के कारण 2014 में कांग्रेस हार गई लेकिन फिर भी अभी तक कांग्रेसी नेताओं को अकल नहीं आई है। हमने कई मौकों पर कांग्रेस का साथ दिया। इस कारण हमें बदनामी भी झेलनी पड़ी लेकिन कांग्रेस ने ये नहीं समझा। उन्होंने कहा कि उन पर केंद्र सरकार या किसी जांच एजेंसी का कोई दबाव नहीं है। कांग्रेस बीजेपी को परास्त करने से ज्यादा दूसरों दलों को तोड़ना चाहती है।


सोनिया-राहुल चाहते हैं गठबंधन

मायावती ने कहा कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी तो गठबंधन चाहते हैं लेकिन उनके नेताओं ने सब गड़बड़ कर दिया है।
गठबंधन को लेकर कांग्रेस का रवैया बेहद खराब है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि -रस्सी जल गई लेकिन ऐठन नहीं गई। कांग्रेस को गलतफहमी है कि वे अकेले बीजेपी का सामना कर लेगी। ये हास्यासपद है। कांग्रेस का रवैया बेहद अड़ियल रहा है। राजस्थान, एमपी व छत्तीसगढ़ की जनता बीजेपी को अब मौका नहीं देना चाहती। हमने क्षेत्रीय पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला लिया। उन्होंने साफ कर दिया कि कांग्रेस के साथ किसी भी प्रदेश में कोई गठबंधन नहीं होगा।

कांग्रेस गंभीर नहीं

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मायावती बोलीं, ''कांग्रेस बीजेपी को हराने के लिए गंभीर नहीं है। वह गैर कांग्रेसी दलों को खत्म करने में लगी है। कांग्रेस बीजेपी की तरह की हमारी पार्टी को खत्म करने का षड़यंत्र रचती आई है। बीएसपी सर्वसमाज की पार्टी है। गरीबों की पार्टी है। बीएसपी किसी के हाथ का खिलौना नहीं बन सकती। मैंने भी काफी त्याग किया है। राज्यसभा से भी इस्तीफा दे चुकी हूं लेकिन कांग्रेस का हमेशा से अड़ियल रवैया दिखा है। इसी कारण हम कांग्रेस से किसी भी राज्य में गठबंधन नहीं करेंगे।

कांग्रेस पर जमकर बरसीं मायावती

माया ने कहा कि कांग्रेस ने गुजरात से कुछ सबक नहीं लिया। सच तो यह है कि कांग्रेस ने देश पर राज करने के लिए दलितों का इस्तेमाल किया और वह जातिवाद और सांप्रदायिक माइंडसेट की है और उसने दलित समुदाय के लिए आज तक कुछ भी नहीं किया है। मायावती ने कांग्रेस को चेताते हुए कहा कि इस समय देश में बीजेपी विरोधी माहौल है। लेकिन लगता है कि कांग्रेस नेताओं को बीजेपी को परास्त करने में कोई रूचि नहीं है। अगर ऐसा है तो वह एक सुनहरा मौका छोड़ देंगे।

Published on:
03 Oct 2018 04:30 pm