
लखनऊ. राजधानी समेत आस-पास के कई जिलों में मानसून ने दस्तक दे दी है। बारिश का इंतजार प्रदेशवासी काफी दिनों से कर रहे थे जो ये इंतजार पूरा हुआ है। मौैसम विभाग की मानें तो अब अगले कई दिन रोजाना बारिश की संभावना है। अगले हफ्ते प्रदेश भर में अच्छी बारिश होगी।
बारिश से खिले चेहरे लेकिन लगा जाम
राजधानी में पिछले दो दिन में झमाझम बारिश से लोगों के चेहरे खिल गए। तेज बारिश ने गर्मी से तप रहे शहर को बड़ी राहत दी है। दफ्तर छूटने के समय हुई बारिश के कारण दो पहिया पर घर लौट रहे ज्यादातर लोगों ने किसी दुकान के शेड या पुल के नीचे शरण ली। हालांकि देर शाम कई चौराहाों पर जाम भी खूब लगा। जब देखा कि बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही तो मजबूरन भीगते हुए आगे बढ़े। इस बारिश का युवाओं ने खूब लुत्फ उठाया। गोमती किनारे रिवर फ्रंट क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बारिश का आनन्द लेते-भीगते नजर आए। देश के पश्चिमी छोर से आ रही गर्म हवाओं के कारण बारिश के लिए पर्याप्त नमी नहीं मिल पा रही थी
देर से आया मानसून
आपको बता दें कि मौसम विभाग ने पहले 15 जून से मानसून आने का दावा किया था। हालांकि बाद में उन्होंने 29 से 30 जून तक उत्तर भारत में मानसून आने की भविष्यवाणी की थी। राजधानी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून बिहार से होते हुए पूर्वांचल में प्रवेश करने वाला है। अगेले हफ्ते तक मॉनसून पश्चिम बंगाल और बिहार तक आ गया था, लेकिन हवा का दबाव न बनने के कारण वहीं रुका रहा। उनके मुताबिक अगले हफ्ते प्रदेश भर में अच्छी बारिश होगी। 29 जून से 2 जुलाई तक घने बादल छाये रहेंगे और प्रदेश में झमाझम बारिश का अनुमान है।
जानें पिछले साल कब आया था मानसून
साल -यूपी -लखनऊ
2013- 15 जून - 15 जून
2014- 19 जून - 1 जुलाई
2015- 23 जून -25 जुलाई
2016-19 जून -21 जुलाई
2017-27 जून- 1 जुलाई
2018-27 जून -27 जून
आंधी-बिजली से सात की मौत
आंधी और बिजली गिरने से मं बांदा में दो बहनों की मौत हो गई। आरती (9) व सुन्दरम (8) बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़ी थीं। उसी वक्त बिजली गिरने से दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। किसान राम निहोर और सत्तू रैकवार (70) भी बिजली की चपेट में आकर जान गंवा बैठे। वहीं, तेज आंधी से मकान का लेंटर गिरने से शिवपाल सिंह की मौत हो गई।