आखिरकार उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। खबर आते ही उत्तर प्रदेश में भी कई दिग्गजों ने शोक प्रकट किया।
लखनऊ. पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली (Arun Jaitely) के निधन के बाद देश से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। वे दो हफ्तों से भी ज्यादा समय से दिल्ली के एम्स (AIIMS) अस्पताल में भर्ती थे। आखिरकार उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। खबर आते ही उत्तर प्रदेश में भी कई दिग्गजों ने शोक प्रकट किया। सीएम योगी (CM Yogi) अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वहीं शुक्रवार को तीन दीवसीय लखनऊ दौरे पर आए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) भी वासप दिल्ली लौट गए। उत्तर प्रदेश से सांसद रहे अरुण जेटली के निधन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल (Anandiben Patel) ने भी अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। विपक्षी दलों में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav), सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) व बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) सुप्रीमो मायावती (Mayawati) ने भी अरुण जेटली के निधन पर दुख जताया। मायावती हाल में उनका हाल चाल जानने दिल्ली एम्स भी पहुचीं थी।
राजनाथ सिंह- शनिवार को लखनऊ में मौजूद राजनाथ सिंह ने खेद प्रकट करते हुए कहा कि सारा देश जानता है कि उन्होंने विभिन्न कर्तव्यों का निर्वाह करते हुए पार्टी संगठन को अपना योगदान दिया है। सरकार में रहते हुए भी उन्होंने अपनी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वाहन किया है। वह पार्टी, सरकार और देश के लिए भी महत्वपूर्ण एसेट थे, लेकिन विधि के विधान को टाला नहीं जा सकता और आज वह हमारे बीच नहीं हैं।
सीएम योगी - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए कहा कि देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। जेटली उत्कृष्ट वक्ता, संसदीय कार्यप्रणाली के जानकार थे। वे अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करते थे। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे। भारत सरकार के मंत्री के रूप में जेटली की सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। वे राज्यसभा में यूपी का प्रतिनिधित्व कर रहे थे।
अखिलेश यादव- सपा अध्यक्ष ने कहा कि अरुण जेटली जी एक कुशल वक़्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
मायावती- बसपा सुप्रीमो ने ट्वीट कर कहा कि पूर्व केन्द्रीय वित्त/रक्षा मंत्री व बीजेपी के प्रमुख नेता अरुण जेटली के निधन की खबर अति-दुःखद है। वे बीमार थे व उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गयी थी। वे नामी वकील व अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।
मुलायम सिंह यादव- पत्र जारी कर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कहा कि उनका निधन भारतीय राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। वह कुशल वक्ता, कानून के जानकार, सांसद के रुप में उनके भाषण नींव के पत्थर साबित होंगे। यह दूसरे दलों में रहते हुए भी हमारे घनिष्ट थे, उन्हें लंबे समय तक याद किया जाएगा। इस दुख की घड़ी में उनके परिजनों, मुत्रों व उनके निकट संबंधियों को असीम शक्ति प्राप्त हो ताकि वह दुख सह सके।