लखनऊ

मुलायम सिंह यादव जयंती: पहलवानी के अखाड़े से सत्ता के शिखर तक, ऐसी रही ‘नेताजी’ की सियासी कहानी

Mulayam Singh Yadav Jayanti: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर जानिए सैफई से सत्ता के शिखर तक पहुंचने की पूरी कहानी और उनके सियासी दांव, जिन्होंने यूपी की राजनीति बदल दी।
4 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 1:00 PM IST
Mulayam Singh Yadav

Mulayam Singh Yadav UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुछ नाम केवल नेता नहीं, बल्कि एक पूरे राजनीतिक दौर की पहचान बन जाते हैं। मुलायम सिंह यादव ऐसा ही एक नाम थे। सैफई के एक साधारण किसान परिवार में जन्मे मुलायम ने पहलवानी के अखाड़े से अपना सफर शुरू किया और देश के सबसे बड़े राजनीतिक अखाड़े उत्तर प्रदेश की सत्ता तक पहुंचे। कभी राम मनोहर लोहिया के समाजवादी आंदोलन से जुड़े, कभी चौधरी चरण सिंह के साथ सियासी पारी खेली और फिर अपनी अलग पार्टी बनाकर प्रदेश की राजनीति में नया समीकरण खड़ा कर दिया।

22 नवंबर 1939 को इटावा के सैफई में जन्मे मुलायम सिंह यादव की आज जयंती है। 3 बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्र में रक्षा मंत्री, 7 बार लोकसभा सांसद और 10 बार विधायक रहे मुलायम ने करीब पांच दशक तक सक्रिय राजनीति में अपनी मजबूत मौजूदगी बनाए रखी। उन्हें समर्थक प्यार से 'नेताजी' कहते थे।

1992 में हुई समाजवादी पार्टी की स्थापना

 4 अक्तूबर 1992 को मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी की स्थापना की और पार्टी अध्यक्ष बने। 1996 से 1998 तक मुलायम सिंह केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। 10 अक्तूबर 2022 को उनका निधन हो गया।

पहलवानी से शुरू हुआ सफर, लोहिया के आंदोलन ने दिखाई राजनीति की राह

मुलायम सिंह यादव का जन्म सुघर सिंह और मूर्ति देवी के घर हुआ था। उनके पिता किसान थे। परिवार का कोई बड़ा राजनीतिक आधार नहीं था। जवानी के दिनों में मुलायम को पहलवानी का शौक था। कुश्ती के दांव-पेच में उनकी खास दिलचस्पी थी। इसी दौरान उनका संपर्क समाजवादी विचारधारा से जुड़े नेताओं से हुआ।

14 साल की उम्र में जेल गए 

1947 में देश जब आजाद हुआ तब पंडित जवाहर लाल नेहरू करिश्माई नेता थे, लेकिन जल्द ही देश में समाजवाद के स्वर मुखर होने लगे. डॉ. राम मनोहर लोहिया इसके पुरोधा थे और 1950 के आसपास उन्होंने समाजवादी आंदोलनों की शुरुआत की। मुलायम सिंह यादव भी इस कांग्रेस विरोधी लहर का हिस्सा बन गए। छोटी सी उम्र में ही वे आंदोलन में कूद पड़े थे।

राम मनोहर लोहिया के 24 फरवरी 1954 को नहर रेट आंदोलन की वजह से यूपी में भी खूब हंगामा हुआ। तत्कालीन सरकार ने आंदोलन को दबाने के लिए लोहिया और उनके समर्थकों को जेल में डाल दिया। उसके बाद पूरे प्रदेश में प्रदर्शन हुए और जुलूस निकाले गए। इटावा जिले में भी प्रदर्शन चल रहा था। इटावा जिले में नत्थू सिंह और अर्जुन सिंह भदौरिया आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थ। प्रशासन ने उस जुलूस में शामिल करीब दो हजार लोगों को गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया। मुलायम सिंह यादव भी जेल जाने वालों में शामिल थे। उस वक्त उनकी उम्र महज 15 साल से भी कम थी।

नत्थू सिंह बने मुलायम के राजनीतिक गुरु 

नत्थू सिंह को मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक गुरु कहा जाता है। शुरुआत से ही वो मुलायम में एक अच्छे नेता के गुण देखा करते थे। उनकी पहलवानी ने भी नत्थू सिंह को प्रभावित किया। यही वजह थी कि मुलायम ने अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत नत्थू सिंह की परंपरागत विधानसभा सीट जसवंत नगर से की। 1967 के विधानसभा चुनाव में नत्थू सिंह ने मुलायम को जसवंतनगर सीट से संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी का टिकट दिलाने में मदद की। मुलायम ने चुनाव जीता और 28 साल की उम्र में मुलायम सिंह उत्तर प्रदेश के सबसे युवा विधायक चुने गए। इस जीत के साथ उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी जगह बनानी शुरू कर दी।

हालांकि, उनका राजनीतिक सफर लगातार जीत का नहीं था। 1969 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने राजनीति नहीं छोड़ी। 1974 में भारतीय क्रांति दल के टिकट पर जसवंतनगर से फिर चुनाव जीता। 1977 में जनता पार्टी के टिकट पर विधानसभा पहुंचे।

आपातकाल में भी जेल गए मुलायम 

मुलायम सिंह यादव को 27 जून 1975 को तब गिरफ्तार किया गया था जब वे एक जमीनी विवाद का मामला सुलझाने भालेपुरा गांव गए हुए थे। पंचायत के दौरान पुलिस ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया और मुलायम सिंह को मीसा के तहत गिरफ्तार कर लिया। जनवरी 1977 तक करीब 18 महीने मुलायम इटावा जेल में ही रहे।

मुलायम सिंह पहली बार बने मंत्री

आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी और कांग्रेस के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट था। 1977 के चुनावों में जनता पार्टी नाम से एक नई पार्टी बनी थी। देश में मोरारजी देसाई की सरकार आई, तब उन्होंने कई राज्यों में कांग्रेस की सरकार को बर्खास्त कर दिया। यूपी में भी चुनाव हुए और राम नरेश यादव यूपी के सीएम बने। राम नरेश की कैबिनेट में मुलायम सिंह यादव को भी जगह मिली।

विधानसभा की आधिकारिक प्रोफाइल के अनुसार, उस समय उन्हें सहकारिता और पशुपालन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसी साल वे उत्तर प्रदेश में लोक दल के अध्यक्ष भी बने। बाद में लोक दल (बी) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली।11985 से 1987 तक वे उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे।

1989 में मिली मुख्यमंत्री की कुर्सी 

जमीन से जुड़ी राजनीति करने वाले मुलायम सिंह यादव को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी 1989 में मिली. मुलायम 5 दिसंबर 1989 को देश के सबसे बड़े राज्य के मुखिया बने। लेकिन मुलायम सिंह यादव की सत्ता ज्यादा समय नहीं चल पाई। 24 जून 1991 को उनकी सरकार गिर गई। इसके बाद 1993 के विधानसभा चुनाव में मुलायम सिंह यादव ने कांशीराम और मायावती की पार्टी बीएसपी से हाथ मिलाया और दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने।

5 दिसंबर 1993 को मुलायम सिंह ने दूसरी बार सीएम पद की शपथ ली। मुलायम सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाई और बसपा ने समर्थन वापस ले लिया।  2 जून 1995 को लखनऊ में गेस्ट हाउस कांड हो गया। गेस्ट हाउस कांड के बाद मुलायम की सरकार गिर गई और मायावती बीजेपी के समर्थन से मुख्यमंत्री बन गईं।

रक्षा मंत्री की कुर्सी भी संभाली 

1995 में मुख्यमंत्री की कुर्सी जाने के बाद मुलायम का कद सियासत में गिरा नहीं बल्कि वे और बड़े बनकर खड़े हुए। 1996 में वे मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र से 11वीं लोकसभा के सदस्य चुने गए। जब केंद्र में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला तो मुलायम किंगेमकर बने। तीसरे मोर्चे की सरकार में रक्षा मंत्री बने और अपनी पार्टी के कई नेताओं को केंद्र में मंत्री बनवाया. हालांकि उनका कार्यकाल लंबा नहीं रहा, क्योंकि 1998 में सरकार ही गिर गई। इसके बाद मुलायम सिंह ने 29 अगस्त 2003 को तीसरी बार यूपी के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और 13 मई 2007 तक राज्य की सत्ता संभाली।

Updated on:
22 Nov 2026, 1:00 PM IST
Published on: