लखनऊ

मुलायम सिंह यादव ने किरणमय नंदा को लेकर दिया बयान, कहा- दुविधा वाले लोग कभी भी आगे बढ़ नहीं सकते

समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव मंगलवार को आक्रमक दिखे।

2 min read
Jan 02, 2019
Mulayam

लखनऊ. समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव मंगलवार को आक्रमक दिखे। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी का निर्वाहन करने के लिए कहा। वहीं उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के काम से असंतुष्ट होने की बात भी कही। इसी के साथ पार्टी के उपाध्यक्ष किरणमय नंदा पर भी उन्होंने चुटकी ली। साफ तौर पर पार्टी संरक्षक चुनाव से पहले किसी को भी रियायत देने के मूड में नहीं हैं।

पड़ोसी राज्यों में मैं एक-एक दिन के लिए जाऊंगा-

सपा संरक्षक ने चुनाव के लिए खुद की तैयारियों को लेकर कहा कि चुनाव के लिए अभी मैं मध्यप्रदेश और आसपास के राज्यों में उलझा हुआ हूँ। उन्होंने कहा कि इन पड़ोसी राज्यों में मैं एक-एक दिन के लिए जाऊंगा। मुलायम ने कहा कि हम अपने राज्य में रहेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मैं लोगों से मिलूंगा और कहीं-कहीं एक-एक रात रुकेंगे जैसे पहले रुकते थे।

किरणमय नंदा पर दिया बयान-

मुलायम सिंह यादव ने अपने संबोधन में उनके बगल में बैठे सपा उपाध्यक्ष किरणमय नंदा पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा कलकत्ता से आये हैं। ये बीच-बीच में गायब हो जाते हैं। ये दुविधा में रहते हैं। और दुविधा वाले लोग कभी भी आगे बढ़ नहीं सकते।

इनको दो पार्टी में पद-

मुलायम ने सपा कार्याल्य में आई लड़कियों से कहा कि आप सभी की पार्टी में बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। यह मत समझना कि आप सभी लड़कियां पार्टी की कार्यकर्ता ही बनी रहेंगी। हम चाहते हैं कि लड़कियां भी आगे आएं। इन लड़कियों को पार्टी का पदाधिकारी, कमेटी का सदस्य, राज्य कार्यकारिणी का सदस्य बना दो। मुलायम ने कहा कि हमारे पास आ जाना हम तुरंत पदाधिकारी बना देंगे। हम पार्टी के संरक्षक हैं, हमको पूरा अधिकार है। पार्टी की रक्षा करना भी हमारा अधिकार है।

मुलायम हुए नाराज-

इस दौरान सपा संरक्षक कई बार कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही नारेबाजी से गुस्सा भी दिखे। एक मौके पर उन्होंने जब कहा कि यह पार्टी नौजवानों की है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी नौजवान है। तो सपाई चिल्लाने लगे व अखिलेश भैया जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। मुलायम ने फटकार लगाते हुए कहा ऐ, जब अच्छी बात बोली जाए तो ताली बजाओ, यह नहीं कि नारे लगाना शुरू कर दें जिससे डिस्टर्बंस हो।

Published on:
02 Jan 2019 05:07 pm
Also Read
View All