लखनऊ

डिफेंस एक्सपो: पेड़ों की कटाई पर नगर आयुक्त का बयान, कहा शिफ्ट किए जाएंगे कुछ पौधे

8 और 9 फरवरी को होने वाले 11वें डिफेंस एक्सपो-2020 के लिए यूपी में बड़े लेवल पर आयोजन होगा
2 min read
• •
Updated: 29 Nov 2019, 5:12 PM IST
Feature image

लखनऊ. राजधानी लखनऊ में आठ और नौ फरवरी को होने वाले 11वें डिफेंस एक्सपो-2020 के लिए यूपी में बड़े लेवल पर आयोजन होगा। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस एक्सपो (Defence Expo) के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों के प्रमुख सचिवों व सचिवों को योजनाबद्ध तरीके से तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। डिफेंस एक्सपो को बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से बड़े पैमाने पर निवेश सम्भावित है। इससे पहले डिफेंस एक्सपो के लिए गोमती नदी किनारे से 64,000 पेड़ काटे जाने की बात सामने आ रही थी। लेकिन नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी ने इस बात का खंडन कर बताया कि इन पेड़ों को नहीं काटा जाएगा। बल्कि कुछ 100-200 पौधों को वहां से कुछ समय के लिए शिफ्ट किया जाएगा। डिफेंस एक्सपो के खत्म होने के बाद उन पौधों को वहीं वापस लगा दिया जाएगा।

बता दें कि यह पहला मौका होगा जब लखनऊ 'द डिफेन्स एक्सपो' की मेजबानी करेगा। इसमें बड़ी संख्या में अग्रणी देशों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। वहीं बड़ी विदेशी और स्वदेशी कंपनियां इस प्रदर्शनी मेंं अपने अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करेंगी।

अत्याधुनिक हथियारों की लगेगी प्रदर्शनी

डिफेंस एक्सपो-2020 का थीम 'भारत उभरता हुआ विनिर्माण केंद्र' रखा गया है। इस मेले को दुनियाभर के अत्याधुनिक हथियारों की प्रदर्शनी से सजाया जाएगा। विभिन्न कंपनियां अपने अत्याधुनिक हथियारों का प्रदर्शन करेंगी। डिफेंस एक्सपो के काम में तेजी लाने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आदेश दिए हैं। जिलाधिकारी ने कहा है कि 15 जनवरी तक गोमती तट को सेना के हवाले करना होगा। गोमती के दोनों तटों पर लोगों के बैठने की व्यवस्था करनी हो, ऐसे इंतजाम करने होंगे।

यात्रियों के लिए 105 बसों का संचालन

डिफेंस एक्सपो में लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड अहम भूमिका निभाएगा। यात्रियों को एक्सपो स्थल तक पहुंचाने के लिए शहर के 11 स्थानों से 105 बसों का संचालन होगा। ये बसें यात्रियों को एक्सपो स्थल तक पहुंचाएंगी। चलाई जाने वाली 105 बसों में 35 इलेक्ट्रिक और 70 सीएनजी बसें होंगी।

11 रूट से चलेंगी बसें

बसों के संचालन के लिए शहर के 11 बिंदू तय किए गए हैं। बस चारबाग, आलनबाग, कैंट के दो क्षेत्र, हजरतगंज, अलीगंज, पॉलीटेक्नीक और पीजीआई से होकर चलेगी।

एलसीटीएसएल प्रबंध निदेशक आरके मंडल ने बताया कि डिफेंस एक्सपो के लिए नगर बस प्रबंधन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दो दिन आठ और नौ फरवरी को सिटी बसों का संचालन करना है, जिससे यात्रियों को डिफेंस एक्सपो स्थल तक जाने के लिए आवागमन की दिक्कत न हो। इस सिलसिले में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है।

Updated on:
29 Nov 2019, 5:12 PM IST
Published on: