लखनऊ

Jantar Mantar Protest: ‘युवाओं के दर्द को समझता हूं’, पुलिस ने रोका फिर भी छात्रों के बीच पहुंचे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद

Sansad Chalo March: आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। पुलिस की सख्ती और बैरिकेडिंग के बावजूद वह प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और युवाओं की आवाज बुलंद की।
2 min read
Jul 20, 2026
Chandrashekhar Azad, Jantar Mantar Protest, Nagina MP, Delhi News, Chalo Sansad March, Cockroach Janta Party, sonam wangchuk delhi protest, CJP protest, Abhijeet Deepke, CJP protest at jantar mantar, सांसद चंद्रशेखर आजाद, जंतर मंतर विरोध प्रदर्शन
सांसद चंद्रशेखर आजाद (फोटो- पत्रिका)

Chandrashekhar Azad Joins CJP Protest: आजाद समाज पार्टी कांशीराम के प्रमुख और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। सीजेपी ने 20 जुलाई को संसद तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। इस दौरान पुलिस ने आजाद को रोकने की पूरी कोशिश की लेकिन वे सभी पाबंदियां पार करते हुए प्रदर्शन स्थल तक पहुंच गए और छात्रों से मुलाकात की। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान मंच पर मशहूर अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद रहे।

'युवाओं का दर्द समझता हूं'

मंच से छात्रों और युवाओं को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार अपना धर्म निभा रही है और पुलिस अपना धर्म निभा रही है। उन्होंने कहा कि एक भारतीय युवा होने के नाते मैं इस मिट्टी के प्रति अपना फर्ज निभाने के लिए इस संघर्ष का हिस्सा बना हूं। मैं युवाओं का दर्द समझता हूं और उनकी आवाज बनने के लिए उनके साथ खड़े होने आया हूं। उन्होंने सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और सरकार यह सब होने दे रही है।

देर रात भी पहुंचे थे छात्रों के बीच

इससे पहले दिल्ली के जंतर-मंतर पर जब सोनम वांगचुक और अन्य छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे थे तब भी वहां भारी पुलिस बल तैनात था। कड़े पहरे और रास्तों पर पुलिस की रोक-टोक के बावजूद सांसद चंद्रशेखर आजाद रात करीब ढाई बजे जंतर-मंतर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने मुश्किल हालात में छात्रों के बीच बैठकर उनका हौसला बढ़ाया था। उन्होंने छात्रों के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन देते हुए उनके अधिकारों की मांग को प्रमुखता से उठाया था।

पुलिस की सख्ती भी नहीं रोक पाई कदम

यह कोई पहला मौका नहीं है जब चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस की सख्ती को दरकिनार कर युवाओं का साथ दिया हो। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर उत्तर प्रदेश के मेरठ और मुजफ्फरनगर तक उन्हें कई बार पुलिस द्वारा रोके जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। पुलिस की कड़ी सुरक्षा और रास्तों पर बैरिकेडिंग के बावजूद वह लगातार आम जनता और छात्रों के प्रदर्शनों में शामिल होकर उनका हौसला बढ़ाते रहे हैं।