18 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘कुर्सी तोड़ देंगे’, सीतापुर में गरजे सांसद चंद्रशेखर आजाद कहा- महापुरुषों के अपमान का चुन-चुन कर हिसाब लेंगे

Samrat Ashok Smriti Dwar: सीतापुर पहुंचे नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद सरकार और प्रशासन पर जमकर बरसे। बहुजन महापुरुषों का स्मृति द्वार कपड़े से ढकने पर भड़के चंद्रशेखर ने कहा कि महापुरुषों का अपमान करने वाली सरकार की कुर्सी तोड़ देंगे। जानिए पूरा मामला...

2 min read
Google source verification
Chandrashekhar Azad, Sitapur News,Samrat Ashok Smriti Dwar, UP News

प्रशासन की कार्रवाई पर भड़के सांसद चंद्रशेखर आजाद (फोटो- पत्रिका)

Chandrashekhar Azad:उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में पहुंचे नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने योगी आदित्यनाथ सरकार और स्थानीय प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। स्मृति द्वार को कपड़े से ढकने की प्रशासनिक कार्रवाई से नाराज चंद्रशेखर आजाद ने चेतावनी देते हुए कहा है कि बहुजन महापुरुषों का अपमान करने वाली सरकार की हम कुर्सी तोड़ देंगे।

स्मृति द्वार को ढकने पर भड़के चंद्रशेखर

सीतापुर जिले के रामपुर मथुरा ब्लॉक की मझिगवां ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान द्वारा एक संविधान पार्क और स्मृति द्वार का निर्माण कराया गया था। इस द्वार पर 24 बहुजन नेताओं और महापुरुषों की तस्वीरें लगाई गई थीं। बृहस्पतिवार को जब चंद्रशेखर आजाद वहां पहुंचने वाले थे, उसके पहले ही स्थानीय प्रशासन ने उस गेट को कपड़े से ढकवा दिया। इसी बात पर सांसद चंद्रशेखर आजाद बुरी तरह भड़क गए और उन्होंने इसे महापुरुषों का सीधा अपमान करार दिया।

चंद्रशेखर बोले- सत्ताधीशों के पेट में दर्द क्यों हो रहा?

प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि सरकार के पेट में महापुरुषों की तस्वीरों को देखकर दर्द हो रहा है? उन्होंने ये तक कह दिया कि मेरे लोग चुन-चुन कर इस अपमान का हिसाब करेंगे। आजाद ने चुनौती देते हुए कहा कि प्रशासन को चुभ गया कि मैं इसका लोकार्पण कर रहा हूं चाहे तो इसका उद्घाटन DM, SP, IG या DIG कर लें, लेकिन यह याद रहे कि अगर यह गेट टूटा तो लखनऊ की कुर्सी पर बैठे लोग चैन से सो नहीं पाएंगे।

मुकदमों से नहीं डरेगा बहुजन समाज

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रशासन ने इस मामले में यहां के ग्राम प्रधान पर झूठा मुकदमा भी दर्ज कर लिया है। उन्होंने साफ कहा कि बहुजन समाज के लोग अब किसी भी झूठे मुकदमे से डरने वाले नहीं हैं।चंद्रशेखर ने प्रशासन से पूछा कि पूरे प्रदेश में सड़कों पर इतने गेट बने हुए हैं। क्या वहां कभी प्रशासन ने नियमों का सख्ती से पालन किया है?

इस घटना के बाद सीतापुर का सियासी और सामाजिक माहौल काफी गरमा गया है। बता दें कि चंद्रशेखर आजाद आज सीतापुर जनपद के रामपुर मथुरा क्षेत्र स्थित मझगवां गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे जहां यह घटना हुई जिसके बाद चंद्रशेखर आजाद ने सरकार और प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली।