18 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sitapur News: रुपये नहीं मिले तो बेटे ने खोया आपा, मां को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Sitapur Crime: उत्तर प्रदेश के सीतापुर में शराब के लिए रुपये न मिलने पर एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह पूरी रात शव के साथ रहा और सुबह खुद ही ग्राम प्रधान को फोन कर मां की मौत की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Google source verification
sitapur son kills mother over money for liquor arrested after confessing to village head

प्रतीकात्मक तस्वरी। फोटो सोर्स- पत्रिका

Son Kills Mother Sitapur: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के लिए रुपये नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपनी ही मां की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात मां के शव के साथ घर में रहा। अगले दिन जब उसका नशा उतरा तो उसने खुद ही ग्राम प्रधान को फोन कर मां की मौत की जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मां के साथ रहता था आरोपी बेटा

यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के बेनियापुर गांव की है। यहां 65 साल की सावित्री देवी अपने बेटे त्रिभुवन के साथ रहती थीं। उनके पति लालजी का कई साल पहले निधन हो चुका था। बताया जा रहा है कि त्रिभुवन की शराब की लत के कारण उसकी पत्नी करीब 10 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।

शराब के लिए मां से मांगे रुपये, शुरू हुआ विवाद

ग्रामीणों के अनुसार शनिवार रात त्रिभुवन नशे की हालत में घर पहुंचा और मां से शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। सावित्री देवी ने घर के खर्च का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

मारपीट के दौरान सिर में लगी चोट, हो गई मौत

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने अपनी मां के साथ मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान उसने सावित्री देवी का सिर दीवार से टकरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और उनकी मौत हो गई।

रातभर शव के साथ रहा, सुबह प्रधान को किया फोन

पुलिस के अनुसार घटना के बाद त्रिभुवन पूरी रात घर में मां के शव के साथ रहा। शनिवार सुबह करीब 9 बजे उसने ग्राम प्रधान को फोन कर बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है और अंतिम संस्कार कराने की बात कही। जब ग्राम प्रधान घर पहुंचे तो उन्होंने सावित्री देवी का शव आंगन में पड़ा देखा। उनके सिर से खून निकल रहा था। मामला संदिग्ध लगने पर उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सूचना मिलते ही इमलिया सुल्तानपुर थाना प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी त्रिभुवन को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भांजे किशन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पहले भी करता था मां के साथ मारपीट

पुलिस जांच में सामने आया है कि त्रिभुवन शराब के नशे में अक्सर अपनी मां के साथ मारपीट करता था। दो दिन पहले भी उसने सावित्री देवी की पिटाई की थी। जांच के दौरान मृतका के शरीर पर पुरानी चोटों के निशान भी मिले हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

ASP दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह नशे की हालत में होने के कारण घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है। पुलिस को घर की दीवार पर खून के धब्बे भी मिले हैं, जिससे आशंका है कि मृतका का सिर दीवार से टकराया गया था। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।