
एक ही दुपट्टे के फंदे से पेड़ पर लटके प्रेमी युगल (फोटो- पत्रिका)
Sitapur Suicide Case:उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक प्रेम कहानी का बहुत ही दर्दनाक अंत हो गया। यहां संदना थाना क्षेत्र के रामपुर खेवटा गांव में एक प्रेमी युगल ने एक ही दुपट्टे के सहारे पेड़ से फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। शनिवार सुबह दोनों के शव गांव के बाहर पेड़ से लटके मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल के हालात देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि मौत को गले लगाने से पहले दोनों ने एक-दूसरे से शादी भी रचाई थी।
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रियवंश और 19 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। शनिवार सुबह जब ग्रामीण खेतों की तरफ गए तो उन्होंने दोनों के शव पेड़ से लटकते देखे। घटनास्थल का नजारा बेहद हैरान करने वाला था। पेड़ के पास जमीन पर श्रृंगार का सामान और बिंदी पड़ी मिली। वहीं मृतका रजनी की मांग में सिंदूर भरा हुआ था। पेड़ के चारों ओर पैरों के निशान भी मौजूद थे जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि आत्महत्या करने से पहले दोनों ने पेड़ के सात फेरे लेकर शादी की रस्म पूरी की थी।
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रियवंश और रजनी एक दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते थे। दोनों गांव के ही रहने वाले थे लेकिन उनकी जाति अलग थी। युवक आरख समाज से था जबकि युवती नाई समाज से ताल्लुक रखती थी। परिजनों ने रजनी की शादी कहीं और तय कर दी थी और उसका तिलक कार्यक्रम भी संपन्न हो चुका था। माना जा रहा है कि अपनी शादी तय होने के बाद से युवती और उसका प्रेमी भारी मानसिक तनाव में थे और इसी वजह से उन्होंने दुनिया छोड़ने का यह खौफनाक कदम उठा लिया।
बताया जा रहा है कि युवक और युवती दोनों शुक्रवार शाम से ही अपने अपने घरों से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे लेकिन शनिवार सुबह उनकी मौत की खबर सामने आई। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भारी भीड़ जमा है। सूचना मिलते ही मिश्रिख सीओ बृजेश कुमार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फोरेंसिक टीम घटनास्थल से सुबूत जुटाकर मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Updated on:
20 Jun 2026 10:58 am
Published on:
20 Jun 2026 10:32 am
बड़ी खबरें
View Allसीतापुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
