
संत कबीर नगर हत्याकांड पर चंद्रशेखर आजाद का फूटा गुस्सा (फोटो- पत्रिका)
Sant Kabir Nagar Murder Case:उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी चौराहे पर गुरुवार रात एक दलित युवक आनंद कुमार की सरेराह गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी बवाल मच गया। आक्रोशित भीड़ ने मुख्य आरोपी के घर और दुकान में आग लगा दी। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग भी की। अब आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद ने इस पूरी घटना पर गहरी नाराजगी जताई है।
इस घटना के बाद चंद्रशेखर आजाद ने X पर पोस्ट कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आनंद कुमार ने अपनी भांजी के साथ हुई छेड़खानी का विरोध किया था और इसी रंजिश के चलते उनकी हत्या कर दी गई। चंद्रशेखर ने यूपी सरकार से मांग की है कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। उन्होंने यह भी बताया कि आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी की टीम मौके पर पीड़ित परिवार के साथ डटी हुई है।
मृतक की पहचान चमरसन गांव निवासी 30 वर्षीय आनंद पुत्र इंद्रेश कोल के रूप में हुई है। आनंद चेन्नई में टाइल्स लगाने का काम करता था और बीते 6 मई को अपने साले की शादी में शामिल होने गांव आया था। परिजनों के मुताबिक 19 मई को शादी समारोह के दौरान पड़ोस के गांव के रहने वाले नासिर अली ने आनंद की भांजी के साथ छेड़खानी की थी। आनंद ने इसका कड़ा विरोध किया था जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते नासिर ने गुरुवार रात आनंद पर घात लगाकर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उसकी गर्दन रेत कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
युवक की हत्या की खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने शव को चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते हंगामा इतना बढ़ गया कि आक्रोशित भीड़ ने आरोपी नासिर के घर एक गुमटी और बाइक को आग के हवाले कर दिया। मृतक की पत्नी मीना देवी का रो रोकर बुरा हाल है। उन्होंने साफ कहा कि उन्हें जान के बदले जान चाहिए। वहीं प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने और उसका तुरंत एनकाउंटर करने की मांग की। आनंद को 25 मई को चेन्नई वापस लौटना था लेकिन अब वह अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गया है।
बवाल की सूचना मिलते ही एडीजी अशोक मुथा जैन डीआईजी संजीव त्यागी एसपी संदीप कुमार मीणा और डीएम आलोक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने गुस्साए लोगों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ADG ने बताया कि पुरानी रंजिश में हत्या की गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
Updated on:
19 Jun 2026 12:45 pm
Published on:
19 Jun 2026 12:45 pm
बड़ी खबरें
View Allसंत कबीर नगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
