
ट्रक ने पूरे परिवार को रौंदा (सोर्स: पत्रिका)
Sant Kabir Nagar News:संतकबीरनगर जिले में सोमवार को दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो मासूम बच्चे हैं। ये सभी घर के बाहर बैठे थे तभी काल बनकर आए ट्रक ने उन्हें रौंद डाला और घर में घुस गया। इस हादसे में चारपाई पर बैठे दादा-दादी, नाती और पोते की मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक हटवाकर दबे हुए शवों को बाहर निकाला। इसमें लालजी, उनकी पत्नी ज्ञानमती, पोते आदर्श और नाती सत्यम की मौत हो गई। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना माना जा रहा है। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर और खलासी मौके से फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कुर्थिया चौराहे के पास हाईवे के किनारे लालजी का दो कमरे का मकान है। मकान में आगे की ओर टीनशेड लगा रखा है। परिवार में पत्नी ज्ञानमती के अलावा बेटा अनिल, बहू लक्ष्मी और पोता आदर्श था। बड़ी बेटी प्रेमलता की शादी राजेश निवासी पकरी आराजी, थाना दुधारा के साथ हुई है। अनिल शहर में ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल की गाड़ी चलाते हैं। लालजी लंबे समय पैरालाइज हैं वे टीनशेड के नीचे चारपाई पर ही लेटे रहते थे, अंदर कमरे में सो रहा भतीजा आदर्श और बेटा सत्यम भी उठकर बाहर आ गया। दोनों मेरा चारपाई पर लेटकर मोबाइल देखने लगे। इस बीच ट्रक ने सभी को रौंद दिया।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर ASP सुशील कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हादसे के कारण फोरलेन की एक लेन पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित कर स्थिति सामान्य कराई।
पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने एंबुलेंस से शवों को जिला अस्पताल की मॉर्च्यूरी भिजवाया। ट्रक को क्रेन से निकलवाकर कब्जे में ले लिया है। ट्रक मुरादाबाद के नंबर पर रजिस्टर्ड है।
Updated on:
27 Jul 2026 04:26 pm
Published on:
27 Jul 2026 04:26 pm
