
लखनऊ. राष्ट्रीय मुख्यालय भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सहयोग से पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा आयोजित Regional Level of Disaster Preparedness cum Management Course का समापन समारोह शनिवार को सम्पन्न हुआ। इसके पूर्व 08 सितम्बर को मुख्य अतिथि मुख्य राज्य आयुक्त व मुख्य संरक्षा अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे एन के अम्बिकेश, मण्डल अध्यक्ष व मण्डल रेल प्रबन्धक आलोक सिंह, मुख्य जिला आयुक्त व अपर मण्डल रेल प्रबन्धक मुकेश, स्काउट के जिला आयुक्त व कैरेज एण्ड वैगन के वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर राजेश अवस्थी, गाइड की जिला आयुक्त व वरिष्ठ मण्डल परिचालन प्रबंधक नीलिमा सिंह के अलावा महिला कल्याण संगठन की सदस्यों एवं जिला संघ के पदाधिकारियों की उपस्थिति में जिला प्रशिक्षण केंद्र ऐशबाग में महाशिविराग्नि समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मण्डल रेल प्रबन्धक ने अपने सम्बोधन में कहा कि राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा चलाये जा रहे Disaster Preparedness cum Management Course के माध्यम से पांच दिन तक चलने वाले इस शिविर में आपदा के समय बचाव एवं सुरक्षा हेतु एनडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा, यातायात पुलिस के वरिष्ठ प्रशिक्षकों एवं रेलवे के Accidental Relief Train के प्रशिक्षको द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। डीआरएम ने उम्मीद जताई कि स्काउट्स गाइड्स संस्था के सदस्य शिविर से वापस जाकर अपने-अपने क्षेत्रों में समाज में लोगों को जागृृत कर अपने व्यक्तित्व का परिचय देंगे। इसके साथ ही किसी भी आपदा के समय आगे बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेकर देश और समाज के विकास में अपना योगदान देगें।
डीआरएम ने जिला संघ लखनऊ को राष्ट्रीय स्तर के शिविर को आयोजित करने का अवसर प्रदान करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के मुख्य राज्य आयुक्त एन के अम्बिकेश का आभार प्रकट किया। उन्होंने शिविर के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय से आये क्षेत्रीय संगठन आयुक्त अनेश, शिविर में भाग लेने वाले रोवर्स-रेंजर्स, टीम लीडर्स तथा लखनऊ जिला संगठन आयुक्त गंगाशंकर मिश्रा, जिला सचिव अनूप कुमार एवं जिला संघ लखनऊ के सदस्यों को बधाई दी।