
नगर निकाय चुनाव 2023 की रणभेरी बजते ही सभी पार्टियों के कार्यकर्ता अपनी-अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए वरिष्ठ नेताओं के पास पहुंच रहे हैं। इन सबमें भाजपा का रंग अलहदा नजर आ रहा है। कार्यकर्ता पार्टी के वरिष्ठजनों और मुखिया से मिलकर आरक्षण की स्थिति को देखते हुए अपनी दावेदारी जाहिर कर रहे हैं। इसके अलावा वरिष्ठों को रिझाने के लिए खास उपहार भी लेकर पहुंच रहे हैं।
इस खास उपहार को कहीं पार्टी सिंबल की तरह रंगा गया है, तो कहीं राम मंदिर और अन्य आकर्षित करने वाले चित्र उपहारों की पैकिंग पर उकेरे गए हैं। उपहारों की पैकिंग पर पार्टी के चुनाव चिन्ह और मुख्य नेताओं की फोटो लगवाई गई है। फिलहाल निकाय चुनाव में किसे टिकट देना है, किसे नहीं देना है। इसका मंथन लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालयों में चल रहा है।
पार्टी सिंबल से रंगवाए गए गिफ्ट पैकिंग के डिब्बे
पार्टी के मुखिया को खुश करने के लिए वह खास तरह का उपहार भी लेकर जा रहे हैं। कुछ लोग तो सीधे तो कुछ किसी न किसी मजबूत रसूख के साथ पार्टी के मुखिया तक पहुंच रहे हैं। जबकि कुछ कार्यकर्ता इत्र को एक खास पैकिंग में लेकर पहुंच रहे हैं। जिस डिब्बे में वह इत्र की शीशियों को लेकर जा रहे हैं, उनको पार्टी के सिंबल में रंगा गया है। साथ ही डिब्बे पर पार्टी के मुख्य नेताओं की तस्वीरें भी उकेरी गई हैं।
आजकल 500 के पार चल रहा इत्र पैकिंग का ऑर्डर
कन्नौज में इत्र पैकिंग के लिए डिब्बे बनाने वाले टिंबर गिफ्ट्स के मालिक बृजेंद्र कुशवाहा बताते हैं कि आम दिनों में इसकी डिमांड कम ही रहती है। महीने में 100 तक रहती है। मगर चुनावी सीजन में इसकी मांग बढ़ जाती है। इसकी संख्या 500 पार कर जाती है।
वर्तमान में इसकी काफी संख्या में डिमांड आई है। किसी ने सपा के साइकिल सिंबल वाले डिब्बे बनवाए हैं तो किसी ने कमल के फूल, प्रधानमंत्री मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चित्रों वाले डिब्बे बनाने का आर्डर दिया है। कुछ ने राममंदिर के फोटो बनाने का आर्डर दिया है। इन सभी को तैयार किया जा रहा है। बताया कि यह चित्र लेजर के जरिये बनाए जाते हैं।