लखनऊ

मेडिकल छात्र का गोंडा के नर्सिंग कॉलेज से अपहरण, किडनैपरों ने परिजनों को किया फोन, मांगी 70 लाख की फिरौती

घटना गोंडा शहर कोतवाली के एक निजी नर्सिंग कॉलेज की है।

2 min read
Jan 20, 2021
मेडिकल छात्र का गोंडा के नर्सिंग कॉलेज से अपहरण, किडनैपरों ने परिजनों से मांगी 70 लाख की फिरौती

गोंडा. जनपद गोंडा में एक मेडिकल छात्र के अपहरण से सनसनी फैल गई। बीएएमएस की पढ़ाई करने वाले छात्र गौरव हलदार मंगलवार शाम से अपने हॉस्टल से लापता है। जिसके बाद गौरव के परिजनों को अपहरणकर्ताओं ने फोन पर उनसे 70 लाख रुपये की फिरौती मांगी है। पीड़ित परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से की है। वहीं मामला सामने आने के बाद गोंडा के एसपी शैलेश पांडेय के निर्देश पर पुलिस की 6 टीमें और स्वाट टीम छात्र की तलाश में जुट गई है। छात्र के पिता पेशे से डॉक्टर हैं और वह बहराइच जिले में प्रैक्टिस करते हैं।

छात्र का हुआ अपहरण

घटना गोंडा शहर कोतवाली के एक निजी नर्सिंग कॉलेज की है। जानकारी के मुताबिक बहराइच जिले के पयागपुर थाना क्षेत्र के काशीजोत सत्संगनगर कॉलोनी निवासी निखिल हालदार का 21 साल का बेटा गौरव हलदार एससीपीएम कॉलेज में बीएएमएस प्रथम वर्ष का छात्र है। गौरव एससीपीएम कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता है। जानकारी के मुताबिक गौरव ने अपनी मां से फोन पर बात की थी। उसके बाद शाम से उसका फोन नहीं मिला। अब उसके फोन पर एक अनजान कॉल आई। जिसमें फिरौती की मांग की गई।

मांगी गई 70 लाख की फिरौती

परिजनों के मुताबिक फोन करने वाले ने कहा कि उनका बेटा उसके कब्जे में है। उसने 70 लाख रुपये फिरौती की मांग की है। अपहरणकर्ताओं ने 22 जनवरी तक रकम देने को कहा है। सबसे खास बात है कि छात्र के पिता के मोबाइल पर अपहरणकर्ताओं ने तीन बार कॉल की है। पीड़ित परिजनों ने कोतवाली पुलिस को अपहरण की तहरीर दी है। पुलिस अब केस दर्ज करते हुए छात्र की तलाश में छापेमारी कर रही है। एसपी शैलेश पांडेय के मुताबिक पुलिस की छह टीमें छात्र की तलाश में जुटी हैं। वहीं नर्सिंग कॉलेज का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

Published on:
20 Jan 2021 10:18 am
Also Read
View All