Panchayat Chunav 2026 Update: पिछले साल दिसंबर तक पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में चुनावी सरगर्मी पूरे जोरों पर थी। संभावित दावेदार गांवों में ऐसे घूमते हुए नजर आ रहे थे।
Panchayat Chunav 2026 Update: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव जल्द ही होने हैं। कल तक पंचायत चुनाव को लेकर दावेदारों के बीच होड़ मची थी लेकिन अब माहौल ठंडा पड़ता हुआ नजर आ रहा है।
दरअसल, पिछले साल दिसंबर तक पंचायत चुनाव को लेकर गांवों में चुनावी सरगर्मी पूरे जोरों पर थी। संभावित दावेदार गांवों में ऐसे घूमते हुए नजर आ रहे थे जैसे मानो अभी-अभी मतदान की तारीख घोषित होने वाली हो। कोई धार्मिक यात्रा करा रहा था तो कोई क्रिकेट-कबड्डी टूर्नामेंट के जरिए युवाओं को रिझाने में लगा था। कहीं दावतें उड़ रही थीं तो कहीं मांगलिक कार्यक्रमों और 13वीं तक में दावेदार 'सेवा' के नाम पर खुलकर खर्चा करते नजर आ रहे थे, लेकिन जैसे ही ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय और सत्ता के गलियारों में यह चर्चा गरमाने लगी कि पंचायत चुनाव समय से नहीं होंगे या टल सकते हैं उसके बाद से ही पूरा माहौल ठंडा पड़ गया है।
पंचायत चुनाव की तारीखों की अनिश्चितता, आरक्षण और परिसीमन को लेकर असमंजस ने दावेदारों की रफ्तार पर रोक लगा दी है। जिसका नतीजा यह हुआ कि जिन हाथों से कल तक 'लिफाफे' भारी हुआ करते थे, वही हाथ अब मजबूती से 'मुट्ठी' बांधे दिखाई दे रहे हैं। भटहट ब्लॉक के बरगदहीं चौराहे की बात करें तो यहां दावेदार सुबह-शाम बैनर-पोस्टर के साथ 'जनता की सेवा' में हाजिरी लगाते नजर आते थे। लेकिन, चुनाव की तारीख आगे खिसकने की चर्चा शुरू होते ही ये चेहरे ऐसे गायब हुए मानो ये कभी थे ही नहीं।
जंगल हरपुर, जैनपुर, जंगल डुमरी नंबर दो, बैलों जैसे गांवों में भी ये ही हाल नजर आ रहा है। पहले जो दावेदार हर कार्यक्रम में सबसे आगे रहते थे, अब उनकी सक्रियता अचानक कम होती हुई नजर आ रही है। दबड़हलगंज ब्लॉक के बैरियाखास, कोयलीखाल, कोड़र नीलकंठ, मुहालजलकल, पटनाघाट और ओझौली हों या गोला ब्लॉक के भरसी बुजुर्ग, कोहड़ी बुजुर्ग, रकौली, अबरुस और देवारीबारी करीब-करीब हर जगह ये ही हाल है। कैंपियरगंज, ब्रह्मपुर, सहजनवा, खजनी समेत जिले के सभी 20 ब्लॉकों की तमाम पंचायतों का भी ये ही हाल है।
गांवों में चर्चा की जा रही है कि दावेदार फिलहाल राजनीति से अल्पविराम लेकर फिर से अपने पुराने कारोबार और धंधों की ओर लौट गए हैं। चुनाव की तस्वीर साफ होने पर ही दावेदारों में पुराना जोश दिखेगा।