
PM Modi Lucknow Skill Convocation: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ से युवा, रोजगार, उद्योग और कानून-व्यवस्था को केंद्र में रखकर भाजपा सरकार का राजनीतिक एजेंडा सामने रखा। गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा की कि भारत 2027 में वर्ल्डस्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री ने इसके आयोजन के लिए ग्रेटर नोएडा का उल्लेख किया। कौशल विकास के क्षेत्र की ओलंपिक जैसी इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों के कुशल युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मोदी ने आईटीआई के विद्यार्थियों को आईआईटी जैसा सम्मान देने की पैरवी करते हुए कहा कि आने वाले समय में डिग्री से ज्यादा हुनर की अहमियत होगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से रोजगार खत्म होने की आशंकाओं के बीच उन्होंने कहा कि कोई तकनीक हुनर की जगह नहीं ले सकती। प्रधानमंत्री ने योगी सरकार की कानून-व्यवस्था की सराहना की। साथ ही उन्होंने रात में काम करने वाली एक युवती के अनुभव का जिक्र किया, जिसने बताया था कि अब वह रात 11 बजे भी आसानी से घर लौट सकती है। मोदी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में रात के समय बेटियों के घर लौटने को लेकर परिवारों में चिंता रहती थी। अब स्थिति बदली है और प्रदेश में यह माहौल योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बना है। समारोह में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और मनोज पांडेय तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मौजूद रहे।
मोदी ने भारत को वर्ल्डस्किल्स एशिया 2027 की मेजबानी मिलने की घोषणा करते हुए ग्रेटर नोएडा में इसके आयोजन का उल्लेख किया। वर्ल्डस्किल्स एशिया कौशल आधारित शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता है। इसमें विभिन्न देशों के युवा तकनीकी, औद्योगिक, डिजिटल और व्यावसायिक कौशल में अपनी दक्षता का प्रदर्शन करते हैं। इसे कौशल का ओलंपिक भी कहा जाता है। भारत की मेजबानी से उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रतियोगिता का केंद्र बनने का अवसर मिलेगा। ग्रेटर नोएडा में इस आयोजन के जरिये देश के साथ प्रदेश के कौशल प्रशिक्षण तंत्र और औद्योगिक क्षमताओं को भी अंतरराष्ट्रीय मंच मिलेगा। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वविद्यालयों और औद्योगिक इकाइयों के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि अब यूपी एक्सप्रेस-वे वाला प्रदेश बन गया है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर में चर्चा में रही ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण उत्तर प्रदेश में होने का भी जिक्र किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई में दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को लेकर समाज की सोच बदलनी होगी। कई अभिभावक अपने बच्चों के आईटीआई में पढ़ने की बात बताने में संकोच करते हैं, जबकि आईआईटी के विद्यार्थियों को समाज में अलग सम्मान मिलता है। आईटीआई के विद्यार्थियों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए। एआई से नौकरियां खत्म होने की आशंकाओं का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि तकनीक हुनर की जगह नहीं ले सकती। विकसित होते शहरों और देशों को तकनीकी रूप से दक्ष लोगों की जरूरत होगी। सऊदी अरब, दुबई, अबू धाबी, कतर और कुवैत जैसे देशों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां आधुनिक शहरों के निर्माण में भारतीय कारीगरों और तकनीकी रूप से प्रशिक्षित लोगों का बड़ा योगदान रहा है। प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन और दूसरे तकनीकी कामगारों की जरूरत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कौशल आधारित रोजगार की अहमियत बताई।
मोदी ने कहा कि भारत में पारंपरिक कौशल की समृद्ध व्यवस्था रही है। गांवों की जरूरतें अलग-अलग हुनर वाले लोग पूरी करते थे, लेकिन अंग्रेजों की नीतियों और मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने इस परंपरा को कमजोर किया। उनके अनुसार, इस व्यवस्था में कौशल के बजाय क्लर्क तैयार करने पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने बनारस के रेशम, कांजीवरम, सूती कपड़ों, कलमकारी, तलवार बनाने में इस्तेमाल होने वाले स्टील, कांस्य कला और मूर्तिकला का उल्लेख किया। लखनऊ की चिकनकारी को भी पारंपरिक हुनर का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भारत में पीढ़ियों से कारीगरी और कौशल का महत्व रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत अब तक 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें सात लाख से अधिक को कैंपस चयन और प्लेसमेंट के माध्यम से रोजगार मिला है। योगी ने दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत 2.65 लाख से अधिक युवक-युवतियों को निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण और इनमें से 1.23 लाख से अधिक को रोजगार मिलने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से प्रदेश के 150 से अधिक आईटीआई में ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और 3डी प्रिंटिंग जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में कौशल संपन्न युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित होने को उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया। उन्होंने आयोजन के लिए जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि हर हाथ को काम और हर काम को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने छोटे गांवों और आईटीआई से निकलने वाली प्रतिभाओं को अवसर देने की जरूरत बताई। लखनऊ को राष्ट्रीय आयोजन का केंद्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन के बाद भी कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी का उल्लेख करते हुए जयंत ने उनके कर्तव्यबोध की सराहना की।
पांचवें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया गया। इनमें क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम के 37 और क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर ट्रेनिंग स्कीम के 15 प्रशिक्षार्थी शामिल थे। प्रधानमंत्री ने मंच पर 10 मेधावियों को सम्मानित किया। इनमें लखनऊ के शाहबाज खान और नोएडा की संध्या देवी भी शामिल रहीं। मोदी ने दिव्यांग प्रशिक्षुओं से सांकेतिक भाषा में संवाद किया।
प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था। मोदी ने अपनी करीब एक साल पहले की उस अपील को भी याद किया, जिसमें जरूरत न होने पर एक साल तक सोना नहीं खरीदने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की। कुछ लोगों ने उनसे कहा कि इससे उनके पैसे भी बचे। साथ ही उन्होंने कहा कि मैने कुछ साल पहले लोगों से पीएसयू कंपनियों में पैसा लगाने को कहा था, तब विपक्ष ने मेरा खूब मजाक बनाया था। तब जिस लोगों ने पीएसयू कंपनियों में पैसा लगाया, आज वह खूब अमीर हो गए।