
लखनऊ.UP Assembly Election 2022: यूपी में कांग्रेस को अभय बनाने में जुटीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को भयभीत कर दिया है। प्रशिक्षण से पराक्रम अभियान के जरिए विजय सेना बनाने में जुटी प्रियंका को बड़ा झटका लगा है। सेना गठन से पहले ही पार्टी में भगदड़ मच गयी है। पांच दिन पहले लखनऊ प्रवास पर आयीं कांग्रेस महासचिव ने शुक्रवार को अपना पहला वीक ऑफ लिया। वे दिल्ली पहुंची भी नहीं थीं कि उनके राजनीतिक सलाहकार समेत 3 पूर्व विधायकों और एक पूर्व सांसद ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इन सभी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है।
सलाहकार ने ज्वाइन की सपा
कांग्रेस से लंबे समय से जुड़े विनोद चतुर्वेदी प्रियंका गांधी की कोर टीम मेम्बर थे, साथ ही वह प्रदेश कांग्रेस कमेटी में पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। 2007 में उरई विधान सभा से यह कांग्रेस के विधायक थे। 2012 और 2017 में माधौगढ़ सीट से चुनाव में हार मिलने के बाद से पार्टी में प्रियंका गांधी के सलाहकार की भूमिका के रूप में काम कर रहे थे। विनोद ने शुक्रवार को सपा का दामन थाम लिया।
दयाराम अनुरागी ने भी छोड़ा साथ
हमीरपुर की राठ विधानसभा सीट से विधायक रह चुके गयादीन अनुरागी ने भी प्रियंका गांधी के पहले वीक ऑफ पर कांग्रेस को अलविदा कह दिया। अनुरागी कांग्रेस से 2012 में रिकॉर्ड वोटों से जीते थे। इसके पहले मिर्जापुर की मडिय़ांव विधानसभा सीट से विधायक रह चुके ललितेशपति त्रिपाठी भी पार्टी छोड़ चुके थे। यह दोनों भी शुक्रवार को सपा में शामिल हो गए। इसी तरह बलरामपुर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके रिजवान जहीर ने भी समाजवादी पार्टी ज्वाइन कर ली है। रिजवान तीन बार विधायक भी रह चुके हैं।
पांच दिन यूपी में रहने का वादा
प्रियंका गांधी 5 दिन पहले यूपी पहुंची हैं। सोमवार को बैठक में उन्होंने कहा था कि वह सप्ताह में 5 दिन यूपी में रहेंगी। जबकि, 2 दिन दिल्ली रहकर पार्टी के कामों में हिस्सा लेंगी। शुक्रवार को उन्होंने अपनी नयी कार्ययोजना के तहत पहला वीक ऑफ लिया। इस बीच पार्टी में भगदड़ मच गयी।
अभय कांग्रेस खड़ा करने का वादा
यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा है कि वह यूपी अभय कांग्रेस संगठन खड़ा करना चाहती हैं। इसके जरिए जो विजय सेना बनेगी वह यूपी में कांग्रेस का कायाकल्प कर देगी। इसी सिलसिले में पार्टी यूपी में प्रशिक्षण से पराक्रम कार्यक्रम चला रही है। इसके जरिए कांग्रेस हर शहरी व ग्रामीण कांग्रेसी को विचारधारा से सशक्त व सांगठनिक स्तर पर प्रशिक्षित करना चाहती है, जिससे आगामी चुनाव में उन्हें सेना की तरह जमीन पर उतार सके।
कांग्रेस टास्क फोर्स
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने स्पेशल कांग्रेस टास्क फोर्स का गठन किया है जो, न्याय पंचायत अध्यक्ष व बूथ अध्यक्षों का सत्यापन करेगी व उसके बाद ही उन्हें गांव-गांव भेजकर वोटर्स को मजबूत करने का काम करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता विकास श्रीवास्तव का कहना है कि प्रत्येक कांग्रेसी को समाज की नैतिक जिम्मेदारी उठानी होगी।