
लखनऊ. चुनावी सहालग में तुरही गूंजन लगी है। इसी के साथ ‘इनके-उनके’ खेमों के पुराने धुरंधर भी दल-बल के साथ मैदान में कूद पड़े हैं। शरीर साथ नहीं देता, लेकिन अनुभव तो हवा बनाने-बिगाडऩे के लिए काफी है। इसी नाते पार्टियों ने अपने बुजुर्गों को राजनीतिक अड्डों पर बहस करने और विरोधी को जुबानी पटखनी देने का जिम्मा सौंप दिया है। अनुभवी खिलाडिय़ों ने अलसुबह से लेकर देर शाम तक चार्ट-रोस्टर बनाकर मोर्चा भी संभाल लिया है। भोर में पार्कों के बाद दोपहर चाय-नाश्ते के ठीहों पर गुजरती है, जबकि शाम को हजरतगंज और अमीनाबाद जैसे चौराहों के राजनीतिक अड्डों पर।
दरअसल कुछ दिन पूर्व एक सभा के दौरान खुद महपौर रह चुके डॉ दिनेश शर्मा ने इस बात का जिक्र किया था कि कैसे कॉफी हाउस में बैठ कर चुनाव के दौरान हवा बनाई जाती है। यही कारण है कि चुनाव से पहले ही प्रत्याशी / उमीदवार नियोजित ढंग से प्रचार प्रसार कर रहे हैं। उम्मीदवार अपने क्षेत्र में रहने वाले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और बुजरोगों का सहारा ले रहे हैं। उनसे विचार विमर्श के बाद ही उमीदवार अपनी रणनीति बना रहे हैं।
तैयार हुआ विशेष रोस्टर, सुबह सीनियर सिटिज़न तो शाम को नौकरी पेशा से संपर्क
कुछ पार्षदों ने बदलते दौर के साथ अपने को बदलने का मन बना लिया है। संभावित प्रत्याशी अपने प्रचार प्रसार के लिए रोस्टर तैयार कर रहे हैं। अधिकतर युवा पार्षदों ने चुनावी रोस्टर तैयार किया है। इनमें से कुछ ऐसे भी हैं जो फिलहाल खुद निगम के सदन से बाहर रहेंगे लेकिन अपनी पत्नियों को सदन तक पहुंचाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। बाकायदा रोस्टर तैयार किया गया है। रविवार से रोस्टरवार प्रचार भी शुरू करेंगे।सुबह 6 बजे वार्ड के दो बड़े पार्कों में कार्यक्रम रखा गया है। इसके पीछे का मकसद है सीनियर सिटीजन और अन्य मॉर्निंग वॉकर्स से संपर्क साधना। इस दौरान घर के बड़े भी इनका साथ देंगे।
दोपहर में डोर टू डोर कैंपेन
रोस्टर के मुताबिक़ अगली मीटिंग करीब 11 बजे से होगी जिसमें वे व्यापरी वर्ग से मिलेंगे। सुबह दुकाने खुलने के बाद रश कम होता है जिसका फायदा प्रत्याशी उठाना चाहते हैं। इसके बाद अपने घर की महिलाओं का सहारे लेते हुए प्रत्याशी डोर टू डोर कैंपेन करेंगे।
शाम को क्षेत्र भ्रमण और देर शाम युवा
दिन भर के इस कार्यक्रम के बाद शाम को पार्षद अपने क्षेत्र में निकलेंगे। लम्बे काफिले के साथ अपना दम खम दिखाएंगे। फिर देर शाम चाय की दुकानों, मोड़, गॉसिप पॉइंट्स पर ये प्रत्याशी अपने सीक्रेट कार्यकर्ता को लगेंगे। इनको ज़िम्मेदारी दी जाएगी की वे वर्ड ऑफ़ माउथ यानी बार बार प्रत्याशी के बारें में बात कर उसकी हवा बनाने का ज़िम्मा उठाएंगे।
पीआर कंपनियों का भी सहारा
ये कहना गलत नहीं होगा कि चुनाव खर्च की सीमा बढ़ने के बाद अब उमीदवार पीआर कंपनी का सहारा ले रहे हैं। होर्डिंग बैनर के साथ व्हाट्सएप ग्रुप पर म्यूजिकल सांग्स सर्क्युलेट किये जा रहे हैं। फेसबुक ट्विटर का भी जम के प्रयोग हो रहा है।