
लखनऊ. उन्नाव रेपकांड की गूँज राजधानी दिल्ली में भी पहुँच गयी है। केंद्र की राजनीति इस मामले पर गर्म हो चुकी है। योगी सरकार पर विपक्ष आरोपों की बौछार कर रहा है। भाजपा सरकार पर विधायक को बचाने का आरोप लगाया जा रहा है। इस मामले पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने पीएम पर तंज कसते हुए कहा है कि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर भी मोदी जी जल्द उपवास रखेंगे।
राहुल गांधी ने अपनी बात ट्वीट करते हुए रखी है। राहुल गाँधी ने ट्वीट कर लिखा है कि 'यूपी में अपनी बेटी के लिए न्याय की गुहार कर रहे एक पिता पर हुई बर्बरता ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। आशा है कि प्रधानमंत्री भाजपा शासन में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, कानून तंत्र की विफलता और बढ़ती अराजकता के लिए भी जल्द ही उपवास रखेंगे।'
इधर उनाव में सांसद अनु टंडन ने भी विरोध दर्ज किया है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जांच के लिए पहुंची एसआईटी टीम को घेर लिया।
उन्नाव रेप मामले में पीड़िता की चिट्ठी पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने स्वत: संज्ञान लिया है। हाई कोर्ट पूरे प्रकरण की सुनवाई 12 अप्रैल को करेगा। चीफ जस्टिस की अगुवाई वाली डिवीजन बेंच कल मामले की सुनवाई करेगी। कोर्ट ने यूपी सरकार से सुनवाई में पूरी रिपोर्ट पेश करने को कहा है। इसके साथ ही एडवोकेट जनरल या एडिशनल एडवोकेट जनरल को कोर्ट में व्यक्तिगत तौर पर पेश होने को भी कहा गया है।
आरोप है कि विधायक होने की वजह से पहले कुलदीप सेंगर के खिलाफ न केस दर्ज हुआ और न ही पीड़ित परिवार को सुरक्षा मिली। पीड़ित के पिता की भी पुलिस कस्टडी के दौरान पिटाई कर हत्या कर दी गई।
बताते चलें बुधवार शाम को एसआईटी अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी। साथ ही गृह मंत्रालय ने इस भी केस की रिपोर्ट तलब की है।