
Rain alert:आईएमडी ने मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी कर छह जनवरी को उत्तराखंड के सात जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। आईएमडी के मुताबिक छह जनवरी से राज्य के पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी में बारिश की संभावना है। साथ ही ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी संभव है। इसके अलावा सात जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है। आईएमडी ने सात जनवरी को चमोली, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में बारिश की संभावना जताई है। आठ जनवरी से राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस वक्त राज्य में ठंड चरम पर चल रही है। राजधानी देहरादून समेत राज्य के अन्य जिलों में भीषण ठंड पड़ रही है।
राज्य के कई पर्वतीय इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से भी नीचे चल रहा है। इसके चलते नलों में पानी जम चुका है। कई इलाकों में नाले भी जम रहे हैं। राज्य के मुनस्यारी, जागेश्वर, मुक्तेश्वर, नैनीताल रानीखेत, हर्षिल सहित अन्य इलाकों में काफी ठंड पड़ रही है। सुबह खेतों और सड़कों पर पाले की सफेद चादर बिछ रही है। शुक्रवार को दून में अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से सात डिग्री अधिक था।