लखनऊ

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा, सीएम से शिकायत पर घमासान

Raja Bhaiya Bhanvi Singh Life: यूपी के बाहुबली नेता राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने यूपी पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने थाने में आईओ पर धमकाने का आरोप लगाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय मांगा है। आइए जानते हैं पूरा मामला...

2 min read
Nov 19, 2023
raja_bhaiya_bhanvi_singh_controversy.jpg

Raja Bhaiya Bhanvi Singh Controversy: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा विधानसभा सीट से विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजाभैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के रिश्तों के बीच काफी समय से कड़वाहट चल रही है। दोनों कई साल से अलग भी रह रहे हैं। इसी बीच शनिवार की रात में राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट डालकर यूपी पुलिस पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया X अकाउंट पर लिखा "पहले झूठी FIR की गई। फिर हमे नोटिस भेजी गई। जब जवाब देने हज़रतगंज कोतवाली पहुंचे तो IO ने धमकाया। अरेस्ट करने की धमकी दी। जो हमारी शिकायतें हैं, वो सब ठंडे बस्ते में डाल दी गई हैं। कितना अन्याय सहें? और कब तक सहें? आख़िर इशारा किसका है?" इस पोस्ट में भानवी सिंह ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी टैग किया है। उनसे न्याय की मांग की है।

दरअसल, कुंडा विधायक राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के विवाद का यह मामला सामने तब आया जब भानवी ने राजाभैया के बेहद खास एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर धोखाधड़ी और जालसाजी सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद राजा भैया ने अपनी पत्नी से तलाक के लिए 2022 में याचिका दायर की थी। उन्होंने क्रूरता और परित्याग के आधार पर तलाक मांगा है। राजा भैया और भानवी सिंह की शादी 28 साल पहले हुई थी। राजा भैया ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी ने ससुराल का घर छोड़ दिया है और वापस आने से इन्कार कर दिया है।

इसी के बाद भानवी सिंह ने राजा भैया के कई महिलाओं से अवैध संबंध होने की बात कहकर सनसनी फैला दी। इसमें भानवी सिंह ने अपनी बहन साध्वी सिंह के साथ भी राजा भैया के नाजायज संबंध बताए थे। इसके बाद साध्वी सिंह ने 30 अगस्त को राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह समेत एक मीडिया हाउस के रिपोर्टर भी लखनऊ की हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि उनकी बहन भानवी सिंह और उनके बीच पैतृक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर कई बार भानवी सिंह ने अपनी मां के साथ मारपीट भी की है। साध्वी ने बताया कि भानवी ने उन्हें बदनाम करने के लिए नाजायज संबंध और एबॉर्शन जैसी कहानी बताई है। भानवी के इस झूठे आरोप से उनकी 18 साल और 11 की बेटियों पर बुरा असर पड़ा है।

Updated on:
19 Nov 2023 09:59 pm
Published on:
19 Nov 2023 09:57 pm