लखनऊ

हज हाउस को भगवा रंग देने के मामले में सचिव हटाए गए, इनको मिला कार्यभार

लखनऊ के हजरतगंज स्थित राज्य हज समिति के दफ्तर की दीवारों को भगवा रंग देने के मामले में योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है।
2 min read
• •
Updated: 16 Jan 2018, 8:51 PM IST
Haj House
Haj House

लखनऊ. लखनऊ के हजरतगंज स्थित राज्य हज समिति के दफ्तर की दीवारों को भगवा रंग देने के मामले में योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। इस मामले के लिए जिम्मेदार उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के सचिव आरपी सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है। ये कार्रवाई मंगलवार को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी के निर्देश पर की गई है। अल्पसंख्यक कल्याण निदेशालय में संयुक्त निदेशक पद पर तैनात आरपी सिंह राज्य हज समिति के सचिव का भी अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे थे। आर पी सिंह की जगह पर सहायक निदेशक विनीत श्रीवास्तव को हज समिति का नया सचिव बनाया दिया गया है।

ये था मामला-

पिछले दिनों राज्य हज समिति के दफ्तर को भगवा रंग में रंग दिया गया था, जिसने देखते ही देखते राजनीतिक रूप ले लिया था, साथ ही भाजपा विरोधियों के निशाने पर आ गई थी। चौतरफा हमला होता देख हज हाउस को 24 घंटे के भीतर ही हल्के पीले रंग में रंग दिया गया था। मामले के लिए पेंट करने वाले कारीगरों को दोषी ठहराया गया था, लेकिन यूपी सरकार ने मामले को ऐसे ही जाने नहीं दिया।

आरपी सिंह को भेजा गया था नोटिस-

इस मामले में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने आरपी सिंह को नोटिस भेजा गया था जिसमें स्पष्टीकरण मांगते हुए पूछा गया कि विभागीय सहमति के बगैर दीवारों को क्यों भगवा रंग किया गया। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार ने हज हाउस की बाहरी दीवारों को रंगने का निर्देश दिया था, लेकिन जांच में बाउंड्रीवॉल का कलर गाढ़ा मिला है। दीवारों का रंग भगवा दिखने लगा जो निर्देशों के विपरीत था। हज समिति की बाउंड्रीवॉल का रंग बदलवा दिया गया है। मामले में पुताई करवाने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Published on: