
डॉक्टर रमीज पर महिला डॉक्टर ने लगाए गंभीर आरोप (X Photo रौशन श्रीवास्तव)
Lucknow Love Jihad Case: लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में धर्मांतरण के मामले में गिरफ्तार डॉक्टर रमीज पर एक महिला डॉक्टर ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का दावा है कि आगरा के मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच दोस्ती हो गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसी दौरान रमीज ने उसे नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद वह अश्लील वीडियो अपने दोस्तों को दिखाता था।
पीड़िता ने एसटीएफ को दिए बयान में आगरा, दिल्ली और लखनऊ से जुड़ी कई घटनाओं का जिक्र किया है। उसने बताया कि रमीज ने किस तरह शादी का भरोसा दिया, उसके परिवार ने इस रिश्ते को लेकर क्या बातें कहीं और बाद में उसके साथ कैसा बर्ताव किया। महिला के आरोपों में 13 साल तक चले शोषण के साथ धर्म और शादी को लेकर हुई बातचीत का भी जिक्र है।
महिला डॉक्टर ने बताया कि साल 2012 में वह आगरा के सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज (SNMC) में MBBS की पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान रमीज ने उसे दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए व्हाट्सऐप पर मैसेज किया। पीड़िता ने एसटीएफ को बताया कि रमीज ने उसे आगरा में अपने कमरे पर बुलाया था। वहां नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा।
पीड़िता के अनुसार, साल 2014 में दिल्ली एम्स में पल्स फेस्टिवल का आयोजन हुआ था। रमीज उसे कार्यक्रम में लेकर गया और वहां एक कमरा अलॉट कराया। आरोप है कि शादी का भरोसा देकर उसने वहां भी दुष्कर्म किया। वह अश्लील वीडियो अपने दोस्तों को दिखाता था। उसके दोस्त भी वीडियो को लेकर पीड़िता को चिढ़ाते थे। विरोध करने पर रमीज वीडियो वायरल करने की धमकी देता और जल्द शादी करने की बात कहता था।
महिला डॉक्टर ने बताया कि साल 2016 में वह गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि रमीज उसे आगरा के एक अस्पताल में ले गया और दवा दिलाकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद रमीज की कुछ अन्य हिंदू महिला डॉक्टरों से भी नजदीकियां बढ़ गईं। साल 2023 में रमीज लखनऊ आ गया और केजीएमयू में पढ़ाई शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उसने बहाने से उसे भी लखनऊ बुला लिया और शीश महल स्थित अपने फ्लैट में रखने लगा। वहां भी उसका शोषण जारी रहा।
पीड़िता ने एसटीएफ को बताया कि शुरुआत में रमीज उसे हिंदू धर्म के बारे में अच्छी बातें बताता था, लेकिन बाद में वह हिंदू धर्म को बुरा और इस्लाम को अच्छा बताने लगा। महिला डॉक्टर के मुताबिक, रमीज की मां खतीजा और पिता भी आगरा घूमने आए थे। उन्होंने उससे मुलाकात के दौरान प्यार जताया और शादी के लिए सहमति दी थी।
पीड़िता का कहना है कि रमीज के माता-पिता ने उससे कहा था कि वे खुले विचारों के हैं। वह अपनी पसंद से रह सकती है। रमीज नमाज पढ़ेगा और वह पूजा कर सकती है। इस भरोसे के कारण उसका परिवार से भी लगाव हो गया था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह शाकाहारी है। पीलीभीत में रमीज और उसके माता-पिता ने उससे मटन बनाने को कहा। नॉनवेज देखकर उल्टी होने की बात कहते हुए उसने मना कर दिया। इस पर रमीज गुस्सा हो गया और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने लात-घूंसों से पीटा, पैर पकड़कर फर्श पर घसीटा और दीवार पर सिर दे मारा। इससे वह घायल हो गई। कुछ दिन डर के कारण वहां रहने के बाद मौका मिलते ही वह भाग निकली।
महिला डॉक्टर के मुताबिक, लखनऊ से आगरा लौटने के बाद उसके माता-पिता ने उसकी शादी के लिए लड़का देखना शुरू किया। आरोप है कि रमीज ने अश्लील वीडियो भेजकर उसकी शादी तुड़वा दी। जब माता-पिता ने विरोध किया तो उन्हें भी वीडियो भेजकर धमकाया। इसके बाद रमीज ने उसे फिर लखनऊ बुला लिया। पीड़िता डर के कारण उसके साथ रहने लगी।
पीड़िता ने एसटीएफ को बताया कि रमीज ने शीश महल स्थित फ्लैट में उसे बंधक बनाकर रखा था। आरोप है कि उसने उसकी नौकरी भी छुड़वा दी और लगातार धमकाता था। फ्लैट पर रमीज के माता-पिता भी आते थे। महिला डॉक्टर का आरोप है कि वे उससे टॉयलेट साफ करवाते थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। एक दिन मौका मिलने पर वह वहां से भागकर आगरा पहुंच गई।
Updated on:
2 Nov 2026, 1:58 PM IST
Published on:
2 Nov 2026, 1:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.