
लखनऊ. राम मंदिर निर्माण का मुद्दा भाजपा के लिए गले की फास बन गया है। जब भाजपा सत्ता में नहीं थी तो कहती थी की मेरी सरकार जब देश में पूर्ण बहुमत की बनेगी तो राम मंदिर बनवाया जाएगा। अब भाजपा की सरकार केंद्र और राज्य दोनों जगहों पर है। तो ऐसे में यह सवाल उठना लाजमी है कि राम मंदिर का निर्माण क्यों नहीं हो रहा है। राम मंदिर निर्माण पीएम मोदी के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं है। मंदिर निर्माण को लेकर साधु-संतों ने आक्रामक तेवर अपना लिए हैं। अयोध्या में संत अनशन पर हैं, तो वहीं दिल्ली में संतों की बैठक आयोजित हुई। उधर, बीजेपी के सांसद साक्षी महाराज भी संतों के समर्थन में उतर आए हैं और भाजपा के खिलाफ ही बगावती तेवर अपनाने की बात कह रहे हैं।
जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आता जा रहा है साधु-संत राम मंदिर निर्माण का मुद्दा लेकर पीएम मोदी के खिलाफ आक्रामक होते जा रहे हैं। जिस तरह से साधु-संत मंदिर को निर्माण को लेकर आक्रामक तेवर अपनाते दिख रहे हैं उससे तो यही लगता है कि राम मंदिर निर्माण पीएम मोदी के लिए किसी अग्नि परीक्षा से कम नहीं होगा। साधु-संतों के आक्रामक रुख के आगे केंद्र की मोदी सरकार भी पशोपेश में है।
नीयत पर भी सवाल उठ रहा है
राम मंदिर को लेकर भाजपा की नीयत पर ही अब सवाल उठता जा रहा है। इस मुद्दे पर बीजेपी घिरती नजर आ रही है, उसको साधु-संतों ने कठघरे में खड़ा कर दिया है। अब बीजेपी के पास साधु-संतों के सवालों का जवाब देना मुश्किल हो रहा है। अक्सर कई तरह के उदाहरण पेश करने वाली भाजपा के लिए अब किसी विकल्प पर पहुंचना मुश्किल भरा कदम होगा। केंद्र की मोदी सरकार ने दलितों को खुश करने के लिए जहां सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ जाकर अध्यादेश ले आई, तो वहीं अब सवाल ये भी खड़ा होने लगा है कि आखिर राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश क्यों नहीं लाया जा सकता है।
वहीं विरोधी पाटियों का कहना है कि भाजपा ने हमेशा राम मंदिर निर्माण के नाम पर देश की जनता को गुमराह किया, लेकिन बीजेपी की इस चाल को अब जनता भी अच्छी तरह से समझ चुकी है। कुछ दिन पहले ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि बीजेपी का लोकसभा चुनाव विकास के मुद्दे पर आधारित होगा।
मोदी ने अपनी जनसभाओं में मंदिर का मुद्दा कई बार उठाया था
बीजेपी का वोट बैंक कहे जाने वाले सवर्ण मतदाता ही अब बीजेपी के नेताओं से पूछने लगे हैं कि आखिर राम मंदिर का निर्माण कब होगा। क्योंकि चुनाव से पहले पीएम मोदी ने अपनी जनसभाओं में राम मंदिर का मुद्दा कई बार उठाया था, लेकिन सरकार बनने के बाद आखिर अब तक राम मंदिर निर्माण नहीं हो सका। राम मंदिर का मुद्दा सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन बीजेपी के नेता कहते हैं कि सुप्रीम कोर्ट जो भी फैसला सुनाएगा उसका हम सम्मान करेंगे, लेकिन वहीं बीजेपी में ही कुछ नेता ऐसे भी ही हैं, जो बगावती तेवर अपनाए हुए हैं।
...तो राम मंदिर पर क्यों नहीं
उन्नाव से सांसद साक्षी महाराज ने राम मंदिर निर्माण को लेकर साधु-संतों के समर्थन में आ गए हैं। अपने ही सरकार के रुख पर एतराज जताते हुए उन्होंने शनिवार को कहा था कि अगर राम मंदिर निर्माण के लिए मोदी सरकार अध्यादेश नहीं लाती है तो वह भी 6 दिसंबर को अयोध्या कारसेवा में पहुंचेंगे। साक्षी ने कहा कि साधु-संतों और राम जी की कृपा से ही भाजपा यहां तक पहुंची है। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए साक्षी ने कहा कि अगर सरकार तीन तलाक पर अध्यादेश ला सकती है तो राम मंदिर पर क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि तीन और चार नवंबर को दिल्ली के तालकटोरा में धर्मचार्यो की मीटिंग होगी, जिसमें धर्मादेश होगा जो सभी साधु संतों और धर्माचार्यों का आदेश होगा। इसके बाद राम मंदिर का निर्माण होकर रहेगा।
सुप्रीम कोर्ट पर भी साधा निशाना
साक्षी ने सुप्रीम कोर्ट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट राम मंदिर पर कोई फैसला क्यों नहीं कर रही है, जब सुप्रीम कोर्ट समलैंगिकता और वैवाहिक मुद्दों पर आदेश दे सकता है तो राम मंदिर को लंबित क्यों रख रखा है। अगर सुप्रीम कोर्ट फैसला नहीं करता है तो सरकार अध्यादेश लाकर मंदिर निर्माण करवाए वरना हालात बहुत गंभीर हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में जाने से पहले मन्दिर का निर्माण होकर रहेगा फिर चाहे सरकार अध्यादेश लाए या फिर हम साधु संत मंदिर बनाएंगे।
कुंभ से पहले हो मंदिर का निर्माण
उधर, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी ने कहा है कि भाजपा अगर सोचती है कि उसे विकास के नाम पर जनता ने वोट दिया था तो ये उसकी भूल है। कहा कि कुंभ मेले से पहले राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाना चाहिए। कहा कि 2014 का लोकसभा चुनाव भाजपा ने हिन्दुत्व के नाम पर लड़ा था और लोगों ने मोदी पर यह विश्वास कर वोट दिया था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण होगा। वहीं मंदिर निर्माण मुद्दे पर बीजेपी पर तंज कसते हुए, सपा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने कहा कि मैं भगवान राम का भक्त हूं, मुझे भरोसा है कि आने वाले लोकसभा चुनाव की वजह से आप सभी लोग राम मंदिर का निर्माण होते देखेंगे।
विहिप भी दे चुका सरकार को डेडलाइन
वहीं शुक्रवार को विश्व हिंदू परिषद ने कहा कि वह राम मंदिर निर्माण के लिए अंतिम लड़ाई लड़ रही है। मोदी सरकार मंदिर निर्माण को लेकर जल्द संसद में अध्यादेश लाए। राम जन्मभूमि न्यास के कार्यकारी प्रमुख महंत नृत्य गोपाल दास ने मोदी सरकार से संसद में अध्यादेश लाने की मांग की है।
अब मोदी सरकार के लिए बड़ी ही पशोपेश की स्थिति है कि वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करती है या फिर साधु-संतों की नाराजगी को शांत करने के लिए राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश लाती है या फिर कोई अन्य रास्ता तलाशती है।