लखनऊ

महिलाओं से दुष्कर्म की बढ़ गई घटनाएं, सरकार के खिलाफ आरएलडी ने किया आंदोलन का ऐलान

महिलाओं, युवतियों और किशोरियों के खिलाफ लगातार हो रही उत्पीड़न की घटनाओं के लिए राष्ट्रीय लोकदल ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया है।

2 min read
Jul 05, 2018
महिलाओं से दुष्कर्म की बढ़ गई घटनाएं, सरकार के खिलाफ आरएलडी ने किया आंदोलन का ऐलान

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में महिलाओं, युवतियों और किशोरियों के खिलाफ लगातार हो रही उत्पीड़न की घटनाओं के लिए राष्ट्रीय लोकदल ने सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। आरएलडी के प्रदेश कार्यालय पर गुरुवार को महिला प्रकोष्ठ की बैठक में पार्टी नेताओं ने बेटियों की सुरक्षा में सरकार को नाकाम बताते हुए संगठन को सक्रिय कर लड़ाई लड़ने का ऐलान किया। राजधानी लखनऊ में महिला प्रदेश अध्यक्ष डाॅ कृष्णा जायसवाल की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ मसूद अहमद और राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे भी मौजूद रहे।

प्रदेश अध्यक्ष ने ली बैठक

बैठक में रालोद प्रदेश अध्यक्ष डाॅ मसूद अहमद ने कहा कि पूरे प्रदेश में बेटियां असुरक्षित हो गयी हैं, जिसके कारण महिलाओं पर हमलों की बाढ आ गयी है। प्रदेश सरकार बेटी बचाओ - बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, महिला सशक्तिकरण की बात करती है लेकिन वास्तविक धरातल पर महिलाओं की स्थिति सोचनीय है। राष्ट्रीय लोकदल ने ऐलान किया कि प्रदेश की महिलाओं की समस्याओं के निराकरण का हर सम्भव प्रयास करेगा।

संगठन बढ़ाएगा मजबूती

बैठक को सम्बोधित करते हुये महिला रालोद प्रदेश अध्यक्ष डाॅ कृष्णा जायसवाल ने कहा कि वर्तमान राजनीति में मातृशक्ति की बहुत अधिक आवश्यकता है क्योंकि वर्तमान केन्द्र और प्रदेश सरकारों द्वारा लगातार घरेलू प्रयोग की वस्तुओं की मंहगाई बढ रही है, जिसका संतुलन केवल महिलाओं द्वारा सम्भव हैं। महिला प्रकोष्ठ को प्रत्येक जनपद में प्रभावी संगठन स्थापित करने के लिए अथक प्रयास करना होगा और प्रदेश के प्रत्येक जिले में चौपाल लगाकर महिला सशक्तिकरण की भावना मजबूत की जायेगी।

पार्टी के आंदोलन में बढ़ चढ़कर लेंगी हिस्सा

पार्टी की बैठक में इस बात का भी ऐलान हुआ कि 13 जुलाई से 13 अगस्त तक चलाये जा रहे पोल खोल धावा बोल अभियान में बढ चढकर हिस्सा लेने का ऐलान किया। बैठक में महिला प्रकोष्ठ पूर्वी जोन की अध्यक्ष शीला भारती, शमीम बानो, रामबेटी शर्मा, वसुधा सिंह, ममता शुक्ला, प्रभावती, विमला देवी, रिजवाना, गीता शर्मा, राधारानी शर्मा, मंजू शर्मा, शिवकुमारी वर्मा, पुष्पा, शीतल वर्मा, किरन सिंह, रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव सहित अन्य महिला पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

Published on:
05 Jul 2018 05:26 pm
Also Read
View All