
Ravidas Mehrotra SP Rajya Sabha Candidates UP: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच बुंदेलखंड और अवध के बाद अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश का चुनावी सर्वे सामने आया है। इस सर्वे में भारतीय जनता पार्टी कुछ सीटों पर लीड करती दिख रही है, लेकिन पिछली बार की तुलना में उसकी सीटों में काफी कमी आई है। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी की सीटें बढ़ी हुई नजर आ रही हैं। इस सर्वे पर सपा के पूर्व मंत्री एवं विधायक रविदास मल्होत्रा ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की जबरदस्त लहर चल रही है। जनता बदलाव का मन बना चुकी है और सपा ने सत्ता परिवर्तन का शंखनाद कर दिया है।
रविदास मल्होत्रा ने कहा कि प्रदेश की जनता लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बढ़ते अपराध, ध्वस्त स्वास्थ्य सेवाओं और बंद हो रहे स्कूलों से बहुत अधिक नाराज है। लोग सरकार बदलना चाहते हैं। भाजपा की सरकार पैसा देकर फर्जी सर्वे करवाने का काम कर रही है, लेकिन ये सर्वे कोई काम नहीं आएंगे। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है और अखिलेश यादव जी बहुत बड़े बहुमत के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे उत्तर प्रदेश में सपा की आंधी चल रही है। हर धर्म, जाति और वर्ग के लोग भाजपा को हराकर समाजवादी पार्टी की सरकार बनाना चाहते हैं। अब कोई फर्जी सर्वे करवाकर भाजपा चुनाव नहीं जीत पाएगी।
सपा के दो बड़े नेता मनोज पांडे और राकेश सिंह पार्टी छोड़कर भाजपा में चले गए थे। उन विधानसभा क्षेत्रों के सर्वे में भी समाजवादी पार्टी लीड करती दिख रही है। इस पर रविदास मल्होत्रा ने कहा कि दोनों क्षेत्रों में सपा बहुत मजबूत है। वे लोग सपा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीते थे, लेकिन बाद में भाजपा में चले गए। फिर भी वहां समाजवादी पार्टी बहुत अधिक बढ़त से चुनाव जीतने जा रही है। पूरे प्रदेश में सपा की जबरदस्त लहर है।
अखिलेश यादव ने गुरुवार को चुनाव आयोग पर सवाल खड़े किए थे। इसके बाद भाजपा मंत्री दयाशंकर मिश्र ने बयान दिया कि अखिलेश सर्वे देखकर बौखला गए हैं और हार का बहाना ढूंढकर ईवीएम व चुनाव आयोग पर दोषारोपण कर रहे हैं। मिश्र ने दावा किया कि लखनऊ की आठों सीटों पर भी बीजेपी आगे दिख रही है।
इस पर रविदास मल्होत्रा ने जवाब देते हुए कहा कि भाजपा की सरकार चुनाव आयोग के दम पर चुनाव जीतना चाहती है। लखनऊ शहर और पूरे प्रदेश में समाजवादी पार्टी की लहर चल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि लखनऊ मध्य क्षेत्र में 2024 के चुनाव में राजनाथ सिंह के सामने प्रत्याशी रहते हुए उन्हें 11,000 वोटों से हराने का काम किया गया था। ऐसे में लखनऊ मध्य में भाजपा कहां से आगे हो जाएगी?
मल्होत्रा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी पैसे के दम पर फर्जी सर्वे करवाकर चुनाव जीतने का प्रयास कर रही है क्योंकि उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। जो लोग 10 साल तक जनता का पैसा लूटते रहे, वही अब भगवान राम के मंदिर का चंदा भी लूटने का काम कर रहे हैं।
यूपी चुनाव को लेकर इंडिया अलायंस की चर्चाएं जोरों पर हैं, लेकिन अभी तक सीट शेयरिंग तय नहीं हो पाई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का भी बयान सामने आया है। इस पर रविदास मल्होत्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मिलकर तय करेंगे। जो लोग बयान दे रहे हैं, उन्हें सही जानकारी नहीं है। वैसे समाजवादी पार्टी अकेले ही उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है और वही भारतीय जनता पार्टी का असली विकल्प है।
आने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर रविदास मल्होत्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी निर्णय करेंगे कि कौन-कौन प्रत्याशी होगा। जो भी प्रत्याशी होगा, वह चुनाव जीतेगा। समाजवादी पार्टी तीन सीटों पर चुनाव लड़ाने का विचार कर रही है। सपा के सभी विधायक पार्टी और अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूरी तरह एकजुट हैं।
उन्होंने दावा किया कि एनडीए गठबंधन और भाजपा के सहयोगी दलों के कई विधायक सपा के संपर्क में हैं। भाजपा सरकार और प्रदेश के मुख्यमंत्री की कार्यशैली से बहुत से विधायक नाराज हैं। राज्यसभा चुनाव में इनमें से कई विधायक क्रॉस वोटिंग करके समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान कर सकते हैं।
रविदास मल्होत्रा के इन बयानों से साफ है कि सपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में अपनी लहर का दावा कर रही है और भाजपा पर फर्जी सर्वे व जनता की नाराजगी का आरोप लगा रही है।