लखनऊ

अमेरिका के व्हाइट हाउस से होती थी सहारा सिटी की तुलना, अब यहीं बनेगा नया विधानसभा भवन

Sahara City Lucknow Vacated : लखनऊ की सहारा सिटी अब खाली हो रही है। सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय कोठी से सामान निकाल रही हैं। 3 से 4 दिन से ट्रकों से सामान बाहर ले जाया रहा है।
2 min read
Mar 19, 2026
Feature image
सहारा सिटी, PC- X

लखनऊ : कभी रसूख, चमक-धमक और सत्ता का केंद्र रही लखनऊ की 'सहारा सिटी' अब इतिहास के पन्नों में दफन होने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट की मुहर के बाद 170 एकड़ में फैली 'सहारा शहर' अब पूरी तरह खाली किया जा रहा है। आलम यह है कि सहारा प्रमुख दिवंगत सुब्रत रॉय की पत्नी स्वप्ना रॉय को भी अपनी लग्जरी कोठी 'स्वप्ना कुटी' से सामान समेटना पड़ रहा है। पिछले पांच दिनों से ट्रकों और डीसीएम का तांता लगा है, जो दशकों की रॉयल्टी और बेशकीमती सामान को बाहर ले जा रहे हैं।

यहां गूंजेगी लोकतंत्र की आवाज

नगर निगम ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद परिसर को खाली करने के कड़े निर्देश दिए हैं। 16 मार्च को आए ऐतिहासिक फैसले में कोर्ट ने सहारा की लीज खत्म करने के निर्णय को सही ठहराया था। अब इस बेशकीमती जमीन पर उत्तर प्रदेश का भव्य नया विधानभवन आकार लेगा।

चांदी का पीकदान और 'राडो' की घड़ियां हुईं चोरी

सहारा सिटी के खाली होने की प्रक्रिया के बीच 'भीतरघात' और बड़ी चोरी का मामला भी गर्माया हुआ है। स्वप्ना रॉय ने खुद अपने ही कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। अंतरराष्ट्रीय ब्रांड की कीमती घड़ियां (राडो, पाको रैबन), 1 किलो चांदी का पीकदान, 500 ग्राम चांदी की सिंदूरदानियां, सोने के जेवरात और दो ऑटोमैटिक पिस्टल। यूपी एसटीएफ ने 6 आरोपियों को दबोचकर सामान तो बरामद कर लिया, लेकिन जांच अब उन 'भेदियों' पर है जो सुरक्षा के बावजूद अंदर की सटीक लोकेशन जानते थे।

सील परिसर में रात का खेल, नगर निगम की फटकार

जांच में सामने आया है कि परिसर सील होने के बावजूद सहारा के कुछ पुराने कर्मचारी रात के अंधेरे में रेकी कर रहे थे। एसटीएफ और नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन लोगों को कड़ी फटकार लगाई है। चोरी के बढ़ते खतरों को देखते हुए सहायक नगर आयुक्त ने अब परिसर की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त गार्ड तैनात करने की मांग की है।

निगम ने हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट का लिया सहारा

30 साल की लीज अवधि पूरी होने और शर्तों के उल्लंघन पर नगर निगम ने की कार्रवाई। हाईकोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट ने भी सहारा की याचिका खारिज कर 16 मार्च को अंतिम फैसला सुनाया। 6 अक्टूबर को ही गेट सील कर सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए थे।सहारा ने इस 130 एकड़ परिसर को सेबी के पास अपनी संपत्ति बताकर लिस्ट किया था, जिसे निगम ने चुनौती दी।

Published on:
19 Mar 2026 07:17 pm