
Akhilesh Yadav: उन्नाव में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अपनी ही सरकार की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। मौरावां थाने पहुंचे सांसद ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए थाने को 'दलाली का अड्डा' तक बता दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी पुलिस कभी नहीं देखी। अब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साक्षी महाराज के इस बयान को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने कहा कि जब सत्ताधारी दल के सांसद ही पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं तो विपक्ष भ्रष्ट शासन-प्रशासन के बारे में क्या बोले।
पूरा मामला उन्नाव के मौरावां थाना क्षेत्र के मवई गांव का है। यहां 75 वर्षीय रामस्वरूप लोधी की मौत के मामले में सांसद साक्षी महाराज बुधवार को उनके परिवार से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और मामले की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाने का एक वीडियो बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। परिवार के लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि रामस्वरूप के शरीर पर आई चोटों और सिर में लगे टांकों को नजरअंदाज किया गया। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए मामले में लीपापोती करने का भी आरोप लगाया।
परिवार को सांत्वना देने पहुंचे साक्षी महाराज ने सीओ पुरवा अरविंद चौरसिया से पुलिस की कार्यशैली को लेकर बातचीत की। उन्होंने कहा कि उन्हें मौरावां पुलिस के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस दौरान सांसद ने वहां मौजूद मौरावां थानाध्यक्ष से उनका नाम पूछा। थानाध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह ने अपना नाम बताया तो सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि अगर आप वास्तव में बहादुर होते तो आपके कार्यकाल में ऐसी घटना नहीं होती।
सांसद ने आरोप लगाया कि इस घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उन्होंने थाने की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उसे दलाली का अड्डा बताया। साक्षी महाराज ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसी पुलिस कभी नहीं देखी।
जानकारी के मुताबिक, गांव में दो पक्षों के बीच जमीन के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ था। दिवंगत रामस्वरूप और कालीचरण पादव एक पक्ष की मदद कर रहे थे। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच डंडे चले थे। रामस्वरूप के बेटे रामेश्वर की तहरीर पर कालीचरण पक्ष के नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, कालीचरण की पत्नी उमा की शिकायत पर रामस्वरूप पक्ष के चार लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले में पुलिस ने चार्जशीट न्यायालय में पेश कर दी है।
रामस्वरूप की मौत को लेकर पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला दिया गया है। सीओ पुरवा अरविंद चौरसिया के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग की मौत हृदयगति रुकने से होने की बात सामने आई है।
साक्षी महाराज के बयान को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि हाथ कंगन को आरसी क्या देखे-भोगे को साक्षी क्या अखिलेश यादव ने आगे कहा कि जब सत्ताधारी दल के अपने सांसद ही थानों को 'दलाली का अड्डा' बता रहे हैं तो विपक्ष भ्रष्ट शासन-प्रशासन के बारे में क्या बोले। उन्होंने कहा कि उन्नाव के सांसद साक्षी महाराज अपनी ही सरकार के महा-भ्रष्टाचार से हताश होकर कह रहे हैं: अपने जीवन में ऐसी भ्रष्ट पुलिस नहीं देखी। अखिलेश ने अपनी पोस्ट के आखिर में लिखा कि शिकायत बाहर निकलने का रास्ता भी होती है। भाजपा ही संकट है।