विदेश से लौटे अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) समाजवादी पार्टी (Samajwadi party) के मुख्यालय पहुंचे और उपचुनाव (Vidhan Sabha By Election) के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जीत की तैयारी में लग जाने के निर्देश दिए.
लखनऊ. इन दिनों शांत बैठे समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने बुधवार को 12 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव (Vidhan Sabha By Election) के लिए बड़ा ऐलान किया है। विदेश से लौटे अखिलेश यादव सीधे समाजवादी पार्टी के मुख्यालय पहुंचे और उपचुनाव के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जीत की तैयारी में लग जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने चुनाव में प्रत्याशियों को लेकर भी बड़ी घोषणा की। साथ ही भाजपा पर जमकर हमला बोला। आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election 2019) के बाद यूपी के 11 विधायक सांसद बने हैं, जिसके बाद रिक्त विधानसभा सीटों पर इस वर्ष ही उपचुनाव होने हैं। वहीं भाजपा विधायक अशोक चंदेल की अजीवन कारावास की सजा के बाद एक सीट और रिक्त हुई है, जिसपर भी उपचुनाव होगा। पार्टी कार्यालय पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की कुनीतियों के कारण जनता तबाह-परेशान है। सत्ता का लगातार दुरूपयोग किया जा रहा है।
5 ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था पर किया हमला-
सपा अध्यक्ष ने कहा कि देश को बहकाने के लिए जोरशोर से अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डालर तक पहुंचाने का दावा भाजपा द्वारा किया गया है। यह देश के गरीबों, मजदूरों, कम आय वाले कारोबारियों तथा कारीगरों को धोखा देने के अलावा कुछ और नहीं है। यदि विगत पांच वर्ष में बुनियादी ढांचे को विकसित किया गया होता तो आर्थिक स्थिति में डालर के मुकाबले रूपया मजबूत होता। जब प्रतिव्यक्ति आय और जीडीपी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है तो विकास के झूठे आंकड़े पेश करने से क्या होगा?
उपचुनाव में प्रत्याशियों के चयन को लेकर सपा की घोषणा-
वहीं सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी प्रदेश के 12 विधानसभा क्षेत्रों के उपचुनावों के लिए शीघ्र ही प्रत्याशियों की चयन प्रक्रिया प्रारम्भ करने जा रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के जो नेता/पदाधिकारी प्रत्याशी बनना चाहते हैं, उनसे 20 जुलाई 2019 तक निर्धारित प्रारूप पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। वहीं अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनावों के बाद प्रदेश में 12 निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले उपचुनावों को पूरी गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने कहा कि भाजपा के एकाधिकार और अहंकार को तोड़ने के लिए हमें सभी सीटों पर जीतने का लक्ष्य रखना होगा।
इन सीटों पर होने हैं उपचुनाव-
- लखनऊ कैंट- यहां से रीता बहुगुणा जोशी भाजपा विधायक थी।
- हमीरपुर सदर सीट- यहां से अशोक सिंह चंदेल भाजपा विधायक थे। जो अब कारावास में अपना जीवन बिता रहे हैं।
- सहारनपुर की गंगोह सीट - यहां से भाजपा के प्रदीप चौधरी विधायक थे।
- अंबेडकर नगर की जलालपुर विधानसभा सीट - यहां से बसपा के रितेश पांडे विधायक थे।
- फिरोजाबाद की टूंडला सीट- यहां से एसपी बघेल ने भाजपा विधायक थे।
- चित्रकूट की मानिकपुर सीट - यहां से आरके सिंह पटेल ने भाजपा विधायक थे।
- प्रतापगढ़ सदर सीट- यहां से अपना दल (एस) के संगम लाल गुप्ता विधायक थे।
- बाराबंकी की जैदपुर विधानसभा सीट- यहां से उपेंद्र सिंह रावत भाजपा विधायक थे।
- रामपुर सदर सीट- यहां से आजम खां सपा विधायक थे।
- बहराइच की बलहा (सु.) सीट - यहां से अक्षयवर लाल गोंड भाजपा विधायक थे।
- हाथरस की इगलास सीट - यहां से राजवीर सिंह दिलेर भाजपा विधायक थे।
- कानपुर की गोविंदनगर सीट - यहां से सत्यदेव पचौरी भाजपा विधायक थे।