सपा सरकार में मंत्री रहे इस वरिष्ठ नेता का शनिवार सुबह निधन हो गया।
लखनऊ. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के लिए दुख की खबर है। सपा सरकार में मंत्री रहे बुनियाद हुसैन अंसारी (buniyad hussain ansari) का शनिवार सुबह निधन हो गया। खबर मिलते ही पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भी उनके निधन पर शोक जताया है। अंसारी सीतापुर (Sitapur) के बिसवां ब्लॉक के बिसेंडी गांव के रहने वाले थे। बुनियाद हुसैन अंसारी अपने घर पर ही थे, जब उन्हें सुबह दिल का दौरा पड़ा। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11.30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 66 वर्ष थी। वर्तमान में बुनियाद हुसैन अंसारी सीतापुर के शिवपुरी मुहल्ले में परिवार के साथ रहते थे।
सपा अध्यक्ष ने जताया शोक
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गहरा शोक जताया है। उन्होंने बुनियाद हुसैन अंसारी के परिवार के सांत्वना दी है। वे सदैव गरीबों, दलितों व अल्पसंख्यकों के हितों के लिए समाजवादी पार्टी में रहकर लगातार संघर्ष करते रहे।
सपा सरकार में राज्यमंत्री थे हुसैन-
66 वर्षीय अंसारी लहरपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। पहली बार वे 1985 में विधायक चुने गए थे। उन्होंने वह चुनाव लोकदल पार्टी से लड़ा था। वहीं 1996 में उन्होंने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। इसके बाद वे सपा की साइकिल पर सवार हो गए। अंसारी सीतापुर में लहरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक तथा यूपी के राज्यमंत्री रहे थे।
रविवार सुबह होगा अंतिम संस्कार-
शनिवार सुबह ह्रदय की गति रुक गई थी जिससे उनका निधन हो गया था। कहा जा रहा है कि अचानक उनके सीने में दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग उनका पार्थिव शरीर पक्के बाग (शेखसरायं) ले गए। रविवार सुबह पटिया कब्रिस्तान में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।