लखनऊ

Rajendra Chaudhary Health: अखिलेश यादव के करीबी राजेंद्र चौधरी लोहिया अस्पताल रेफर, अब कैसी है उनकी तबीयत?

वरिष्ठ समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के करीबी राजेंद्र चौधरी (Rajendra Chaudhary) की आज तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल (Civil Hospital in Lucknow) में भर्ती कराया गया था। सिविल अस्पताल (Civil Hospital) के निदेशक ने राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य पर अपडेट दिया है।
2 min read
Jul 03, 2026
Rajendra Chaudhary Health Update
वरिष्ठ सपा नेता राजेंद्र चौधरी की तबीयत खराब (फोटो- पत्रिका)

Rajendra Chaudhary Health Update: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के करीबी राजेंद्र चौधरी को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित लोहिया अस्पताल में रेफर किया गया है। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मेडिकल जांच में पता चला कि राजेंद्र चौधरी को हार्ट अटैक आया था।

अब कैसी है राजेंद्र चौधरी की तबीयत?

लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता ने राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य पर अपडेट दिया है। डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि जब राजेंद्र चौधरी को अस्पताल लाया गया था तो उन्हें सीधे इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया। उस समय वे बेहोश थे।

जांच करने पर चिकित्सा अधिकारी को राजेंद्र चौधरी की हृदय गति नहीं मिली। इसके बाद राजेंद्र चौधरी को तुरंत कार्डियक मसाज दी गई और उन्हें लिफ्ट के जरिए ICU में ले जाया गया। डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि ICU में अस्पताल के सभी हृदय रोग विशेषज्ञ पहले से मौजूद थे। कुछ देर बाद लोहिया अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. भुवन तिवारी भी वहां पहुंचे। उन्होंने हृदय संबंधी दवाएं दीं और मरीज की हालत स्थिर की।

डेढ़ बजे ECG किया गया

सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे राजेंद्र चौधरी का अंतिम ECG किया गया, जिसमें सुधार के संकेत दिखे। विशेष रूप से, दवा के बाद हृदय गति नियमित हो गई थी। एसटी सेगमेंट स्थिर हो रहा था और मरीज प्रतिक्रिया दे रहा था। रक्तचाप और ऑक्सीजन संतृप्ति स्तर स्थिर देखकर, उन्हें ALS(एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट) सिस्टम का उपयोग करके लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है।

राजेंद्र चौधरी से मिले अखिलेश यादव

राजेंद्र चौधरी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिविल अस्पताल पहुंच कर उनका हालचाल लिया। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अखिलेश यादव ने बया कि फिलहाल उनकी हालत ठीक है। डॉक्टरों ने शुरुआती उपचार शुरू कर दिया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

डिप्टी CM ने राजेंद्र चौधरी से की मुलाकात

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी सिविल अस्पताल पहुंच कर राजेंद्र चौधरी का हालचाल लिया है। डिप्टी सीएम ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट के बाद राजेंद्र चौधरी को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पाठक ने कहा कि प्रो. भुवन चंद्र तिवारी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान शिफ्ट किया जाएगा। ब्रजेश पाठक ने कहा कि हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि राजेंद्र चौधरी जी शीघ्र स्वस्थ हों।