लखनऊ

राम नहीं लक्ष्मण पर छिड़ा संग्राम, लखनऊ में शिया-सुन्नी एकजुट

अब राम की जगह लक्ष्मण पर संग्राम छिड़ गया है वहीं दूसरी और लखनऊ में शिया-सुन्नी एकजुट हो गए हैं।
2 min read
• •
Updated: 2 Jul 2018, 1:43 PM IST
Feature image

लखनऊ. अयोध्या में भगवान राम की सबसे ऊंची मूर्ति लगाने की घोषणा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं। मूर्ति कब लगेगी यह तो पता नहीं। लेकिन, अयोध्या से 100 किमी दूर राजधानी लखनऊ इन दिनों भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण की मूर्ति को लेकर चर्चा में हैं। माहौल गर्म है। हिंदू और मुस्लिम आमने-सामने हैं। लखनऊ की महापौर और पूर्व मंत्री व वरिष्ठ भाजपा नेता लालजी टंडन मामले को हवा दे रहे हैं। मूर्ति मुस्लिम बहुल इलाके टीले वाली मस्जिद के पास लगना प्रस्तावित है। मान्यताओं के मुताबिक लखनऊ को लक्ष्मण की नगरी माना जाता है और यहां पुरातात्विक रूप से लक्ष्मण के टीले का एक जिक्र भी है।

27 जून को भाजपा के दो पार्षदों रजनीश गुप्ता और रामकृष्ण यादव ने लखनऊ नगर निगम को एक प्रस्ताव दिया था। इसमें टीले वाली मस्जिद के पास नगर निगम की जमीन पर लक्ष्मण की मूर्ति लगाने की मांग की गयी थी। प्रस्ताव पर सहमति है लेकिन इसे नगर निगम ने अभी पास नहीं किया है।

प्रस्ताव पास होने से पहले विवाद

मूर्ति लगाने का प्रस्ताव पास होने के पहले ही लक्ष्मण की मूर्ति को लगाने को लेकर विवाद हो गया है। टीले वाली मस्जिद के इमाम ने उस इलाके में लक्ष्मण की मूर्ति का यह कहकर विरोध किया कि यहां पर मूर्ति लगाने से इस इलाके में नमाज अदा करने वालों को एतराज होगा। इसलिए यहां लक्ष्मण की मूर्ति नहीं लगनी चाहिए। टीले वाली मस्जिद के सामने नगर निगम की जमीन खाली पड़ी है। मूर्ति इसी जगह लगाने का प्रस्ताव किया गया है। हिंदूवादी संगठनों का कहना है कि इस जमीन का टीले वाली मस्जिद से दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है।

टीले को लेकर विवाद

गौरतलब है कि टीले वाली मस्जिद को ऐतिहासिक तौर पर लक्ष्मण का टीला भी कहा जाता है। लखनऊ के पार्षद रामकृष्ण यादव जिन्होंने लक्ष्मण की मूर्ति के लिए प्रस्ताव दिया है उनका कहना है कि आज भी यही इलाका लक्ष्मण के टीले के नाम से जाना जाता है। जमीन के रिकॉर्ड में भी यह लक्ष्मण का टीला ही दर्ज है। ऐसे में इस इलाके में लक्ष्मण की मूर्ति लगाए जाने में किसी को ऐतराज क्यों है, जबकि सभी जानते हैं कि लखनऊ लक्ष्मण के नाम पर ही बसा था।

मेयर का भी समर्थन

मूर्ति के मामले में लखनऊ की मेयर संयुक्ता भाटिया भी भाजपा पार्षदों के प्रस्ताव के साथ हैं। उनका कहना है कि 'लखनऊ शहर लक्ष्मण जी के नाम से है। ऐसे में लक्ष्मण जी की भव्य मूर्ति शहर में होनी चाहिए। प्रस्ताव में सब ने माना है कि लक्ष्मण जी की भव्य मूर्ति बननी चाहिए। उनका कहना है कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। इसलिए भव्य मूर्ति जरूर बनाई जाएगी।

विरोध में उतरे मौलाना

नगर निगम में आए इस प्रस्ताव के बाद शिया और सुन्नी दोनों मौलाना इससे खफा हैं। टीले वाली मस्जिद के शाही इमाम मौलाना फजले मन्नान ने इसका सबसे पहले विरोध किया और कहा कि मस्जिद के पास लक्ष्मण की मूर्ति लगाने पर नमाजियों को एतराज हो सकता है क्योंकि मूर्ति के आसपास नमाज जायज नहीं हो सकती। इसलिए यहां लक्ष्मण की मूर्ति ना लगाई जाए। सुन्नी मौलाना सूफियान निजामी का कहना है कि मूर्ति की वजह से इलाके में तनाव बन सकता है, इसलिए ऐसी किसी भी प्रस्ताव की इजाजत नहीं दी जा सकती। शिया मौलाना सैफ अब्बास का कहना है कि अगर लक्ष्मण की मूर्ति लगानी है तो टीले वाली मस्जिद के आसपास नहीं बल्कि किसी मंदिर के भीतर लगाई जानी चाहिए ताकि किसी को कोई ऐतराज ना हो।

Published on: