लखनऊ

‘आजम खान गृह मंत्री होंगे’, शिवपाल के बयान पर डिप्टी CM मौर्य ने साधा निशाना; बोले-गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संदेश दे रही सपा

Keshav Prasad Maurya Big Statement: शिवपाल यादव के आजम खान को गृह मंत्री बनाने वाले बयान पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया। केशव प्रसाद मौर्य समेत कई भाजपा नेताओं ने इसे तुष्टिकरण और मुस्लिम वोटबैंक की राजनीति करार दिया।
3 min read
Aug 13, 2026
shivpal yadav azam khan home minister bjp reaction
शिवपाल के बयान पर डिप्टी CM मौर्य ने साधा निशाना। फोटो सोर्स-पत्रिका न्यूज

Keshav Prasad Maurya Big Statement: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव के उस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने सपा की सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाए जाने की बात कही थी। भाजपा नेताओं ने इसे तुष्टिकरण की राजनीति और मुस्लिम वोटबैंक को साधने की कोशिश करार दिया है।

केशव प्रसाद मौर्य ने साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिवपाल यादव के बयान पर समाजवादी पार्टी को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने वाली नहीं है, लेकिन मुस्लिम वोटबैंक को अपने पक्ष में करने के लिए पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। मौर्य ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का हिंदू विरोधी रवैया, अपराधियों और दंगाइयों के समर्थन तथा गुंडों को संरक्षण देने का रिकॉर्ड जनता के सामने है। उन्होंने कहा कि शिवपाल सिंह यादव कथित तौर पर अखिलेश यादव के कहने पर संभल जाते हैं और दंगाइयों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने की बात करते हैं। इसके बाद रामपुर जाकर आजम खान से मुलाकात करते हैं और उन्हें सपा सरकार बनने पर गृह मंत्री बनाने की बात कहते हैं। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संदेश सपा दे रही है।

'जनता सब देख रही है'

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजम खान को गंभीर मामलों में सजा मिल चुकी है और उनके चुनाव लड़ने की स्थिति भी नहीं रही है। इसके बावजूद उन्हें गृह मंत्री बनाने की बात करना समाजवादी पार्टी की राजनीति और उसके चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार अभी बनने वाली नहीं है, लेकिन पार्टी मुस्लिम वोटबैंक को साधने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। मौर्य ने दावा किया कि इस तरह की राजनीति के जरिए गुंडागर्दी को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है, जिसे प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

दिनेश शर्मा बोले- 'सपा दिन में सपना देख रही है'

BJP सांसद दिनेश शर्मा ने भी शिवपाल यादव के बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी शायद दिन में सपना देख रही है। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने की संभावना को लेकर किए जा रहे दावे वास्तविकता से दूर हैं। दिनेश शर्मा ने कहा कि जिस तरह पूरे प्रदेश में भाजपा के पक्ष में माहौल है, उसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा की ओर से सरकार बनाने और मंत्रालय बांटने जैसी बातें केवल सपने हैं, जबकि वास्तविकता यह है कि BJP पहले से भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में लौटने जा रही है।

दया शंकर मिश्र ने बताया 'ख्याली पुलाव'

मंत्री दया शंकर मिश्र ने भी शिवपाल यादव के बयान को लेकर समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने इसे 'ख्याली पुलाव' बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता पूरी मजबूती के साथ डबल इंजन सरकार के साथ खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाज को जातियों के नाम पर बांटने वाले लोग सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। दया शंकर मिश्र ने कहा कि सपा नेता भले ही अभी मंत्रालयों का बंटवारा कर लें और मंत्रियों के नाम तय कर लें, लेकिन उनके ये सपने कभी पूरे नहीं होंगे।

रमेश जायसवाल ने भी साधा निशाना

BJP विधायक रमेश जायसवाल ने शिवपाल यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में शिवपाल यादव की राजनीतिक स्थिति सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अलावा किसी और की बात नहीं चलती। रमेश जायसवाल ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोटबैंक को अपने पाले में बनाए रखने के उद्देश्य से शिवपाल यादव ने आजम खान को लेकर बयान दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब आजम खान जेल में बंद थे, तब अखिलेश यादव और शिवपाल यादव उनसे कितनी बार मिलने गए थे।

BJPविधायक ने कहा कि शिवपाल यादव का बयान सिर्फ लोकलुभावन बातें हैं, जिनका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव से पहले एक खास वोटबैंक को प्रभावित करना है।

2027 चुनाव से पहले 'MY समीकरण' पर सियासत

रमेश जायसवाल ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक है और समाजवादी पार्टी अपने 'MY' यानी मुस्लिम-यादव समीकरण को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक रणनीति तैयार कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव का आजम खान को लेकर दिया गया बयान इसी रणनीति का हिस्सा है।