लखनऊ

शिवपाल यादव ने किया फाइनल, थामेंगे कांग्रेस का हाथ, जल्द कर सकते हैं बड़ा ऐलान

राहुल गांधी से मुलाकात करके शिवपाल सिंह काग्रेस में ज्वाइनिंग का ऐलान कर सकते हैं...

2 min read
Feb 21, 2018
Shivpal Yadav join congress soon
शिवपाल यादव ने किया फाइनल, थामेंगे कांग्रेस का हाथ, जल्द कर सकते हैं बड़ा ऐलान

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की पूर्ववर्ती समाजवादी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री, जसवंतनगर से विधायक और अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव जल्द ही अपने सियासी भविष्य को लेकर बहुत बड़ा ऐलान करने वाले हैं। जानकारी के मुतािबक शिवपाल सिंह इसी महीने अपने बगावती तेवर दिखा सकते हैं। शिवपाल इसके लिए अपनी पूरी प्लानिंग भी कर चुके हैं।

शिवपाल भी कांग्रेस में होंगे शामिल

शिवपाल सिंह यादव जल्द ही कांग्रेस पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के राज्यसभा सांसद गुलाब नबी आजाद और प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर की शिवपाल सिंह यादव से बातचीत हो चुकी है। जल्द ही राहुल गांधी से भी मुलाकात करके शिवपाल सिंह काग्रेस में ज्वाइनिंग का ऐलान कर सकते हैं। आपको बता दें कि शिवपाल सिंह ने हालही में खुद कहा था कि वे अब और ज्यादा दिनों तक इंतजार करने वाले नहीं हैं और जल्द ही अपने अगले प्लान को बताएंगे। शिवपाल सिंह ने कहा था कि अगर नेताजी हमारे साथ नहीं आते हैं तो वे नई पार्टी बनाने के बजाए कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

सपा के गढ़ में कांग्रेस लगाएगी सेंध

हालांकि शिवपाल के कांग्रेस में आने की बात अभी फाइनल नहीं हुई है, लेकिन दोनों तरफ से प्रयास जारी हैं। दरअसल कांग्रेस को लग रहा है कि शिवपाल सिंह के आने से समाजवादी पार्टी के गढ़ में उसकी मजबूत पैठ बन सकती है। कांग्रेस शिवपाल के सहारे इटावा, फर्रूखाबाद, फिरोजाबाद, मैनपुरी और संभल में अपने आप को मजबूत कर सकती है। शिवपाल शुरू से जमीन से जुड़े बड़े नेता रहे हैं इसलिए उनके साथ लगभग हर जिले में बड़े पैमाने पर वर्कर हैं। ऐसे में अगर शिवपाल कांग्रेस के साथ आ सकते हैं, तो ये सारे वर्कर भी उनके साथ आ जाएंगे। इससे यूपी में वर्कर की कमी से जूझ रही कांग्रेस को काफी मजबूती मिलेगी।

नहीं बनाएंगे नई पार्टी

आपको बता दें कि शिवपाल सिंह यादव काफी समय से सपा में हाशिए पर चल रहे हैं। मुलायम सिंह यादव से भी अब उनका यकीन उठ चुका है। शिवपाल यादव ये समझ चुके हैं कि सपा में उनका एडजस्ट होना बहुत मुश्किल है। आपको बता दें कि शिवपाल पहले भी कई बार अलग पार्टी बनाने की कोशिश कर चुके हैं। हालांकि अब वे अलग पार्टी बनाने से इनकार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक शिवपाल को ऐसा लग रहा है कि नई पार्टी बनाकर आगे बढ़ना अब उनके लिए घाटे का सौदा हो सकता है। इसलिए वे अब दूसरी पार्टी में शामिल होना ज्यादा बेहतर मान रहे हैं। शिवपाल ने कहा था कि हो सकता है कि मुलायम सिंह यादव उनके साथ न आएं, लेकिन उनका आशीर्वाद हमेशा मेरे साथ बना रहेगा। हम नेताजी के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।

Updated on:
21 Feb 2018 11:37 am
Published on:
21 Feb 2018 11:36 am